आरटीई प्रवेश के लिए आठ दिन में ढाई हजार आवेदन प्राप्त

महापालिका क्षेत्र में सबसे ज्यादा सीटें

* 10 मार्च तक अंतिम अवधि
अमरावती/दि.26 -शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के तहत 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों की प्रवेश प्रक्रिया के लिए अमरावती जिले में उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिल रहा है. आवेदन भरने के पहले आठ दिनों में ही जिले में 2 हजार 524 अभिभावकों ने ऑनलाइन पंजीयन किया है. 10 मार्च तक आवेदन की अवधि होकर रिक्त सीटों की तुलना में आवेदनों की संख्या को देखते हुए इस बार भारी स्पर्धा देखने मिलने की संभावना है.
शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए जिले में यह प्रक्रिया ऑनलाइन प्रणाली से चलाई जा रही है. शाला पंजीयन और जांच का चरण पूर्ण होने के बाद अब प्रत्यक्ष प्रवेश आवेदन स्वीकारे जा रहे है. जिले में 226 शालाओं में कुल 7 हजार 644 प्रवेश क्षमता में से 2 हजार 545 सीटें आरटीई अंतर्गत आर्थिक रूप से दुर्बल समूह के छात्रों के लिए आरक्षित रखी गई है. उल्लेखनीय है कि, उपलब्ध कुल सीटों के (2,545) लगभग बराबरी से (2,524) आवेदन आठ दिनों में प्राप्त हुए है.
आर्थिक रूप से दुर्बल समूह के छात्रों को नामांकित निजी शालाओं में उत्तम शिक्षा का अवसर इसके माध्यम से उपलब्ध होता है. आवेदन प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कतें न आएं इसके लिए अभिभावकों ने अंतिम अवधि का इंतजार न करते हुए 10 मार्च से पूर्व अपने आवेदन ऑनलाइन पद्धति से प्रस्तुत करने का आवाहन जिला प्रशासन के शिक्षा विभाग ने किया है.

जिले में आरक्षित सीटों के बारे में सोचा जाए तो अमरावती महापालिका क्षेत्र में सर्वाधिक 683 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद वरूड तहसील 251 सीटें, अमरावती ग्रामीण 242, दर्यापुर 218, अचलपुर 214, चांदूर बाजार 192, मेलघाट के धारणी व चिखलदरा में अनुक्रमता 47 और 4 ऐसी सीमित सीटें उपलब्ध है.

 

Back to top button