कार और बाईक की भिडंत में दो युवकों की मौत
कोतवाली थाना क्षेत्र के चौधरी चौक की घटना

अमरावती/दि.2- अमरावती शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आनेवाले चौधरी चौक मार्ग पर तेज रफ्तार कार के चालक ने अपनी गाडी लापरवाही से चलाते हुए दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सडक हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. हादसे में मृतक युवकों के नाम न्यू हनुमान नगर निवासी अभिषेक महल्ले (22) और जग्गु उर्फ कृष्णा देवगडे (34) है.
जानकारी के मुताबिक अभिषेक महल्ले और जग्गू देवगडे नामक युवक रविवार की रात एमएच 27- डीजे- 9209 क्रमांक की दुपहिया से विलास नगर से पुराना कॉटन मार्केट दिशा की तरफ जा रहे थे. उसी समय पुराना कॉटन मार्केेट की तरफ से विलास नगर की ओर जा रही एमएच- 05- सीएम 0091 क्रमांक की मोबिलो कार ने नेशनल मार्केटिंग के सामने मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि हादसे में बाईक सवार दोनों युवक 20 से 25 फिट हवा में उछलकर सडक पर जा गिरे. दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. संतप्त नागरिकों ने कार चालक को पकडकर पुलिस के हवाले किया. घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर और कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल आ पहुंची. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली हैं. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही हैं.





