उमराह के लिए गए अमरावती के यात्री मक्का में सुरक्षित
यात्री दल में 400 श्रद्धालुजनों का समावेश

* मुंबई से 19 विमानों की उडाने रद्द
* 200 यात्री मुंबई में ही अटके
अमरावती/दि.2 – इस समय मध्य पूर्व एशिया में युद्धसदृष्य हालात बने हुए है तथा अमरीका व इजराईल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के चलते खाडी देशों में बिकट स्थिति बन गई है. यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, इस समय मुस्लिम समाजबंधुओं का पवित्र रमजान महिना चल रहा है और दुनियाभर से लाखों की संख्या में मुस्लिम समाजबंधु उमराह करने हेतु सऊदी अरब स्थित पवित्र मक्का शहर की यात्रा पर है. जो इस समय मक्का शहर के आसपास स्थित शहरों में अटकें हुए है. क्योंकि युद्धसदृष्य हालात के चलते मक्का आने-जानेवाली हवाई उडाने बंद कर दी गई है. इन यात्रियों में अमरावती शहर से उमराह करने हेतु मक्का पहुंचे करीब 400 मुस्लिम समाजबंधुओं का भी समावेश है, ऐसी जानकारी सामने आई है.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए अल उमर हज उमराह टुर्स के संचालक हाजी नफीज अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि, जहां एक ओर उमराह करने हेतु सऊदी अरब पहुंच चुके अमरावती के करीब 400 मुस्लिम समाजबंधु इस समय मक्का के पास स्थित तायब व रियाद शहर में फंसे हुए है और सौभाग्य से सभी यात्री सकुशल भी है. उधर दूसरी ओर 28 फरवरी को मुंबई से खाडी देशों की ओर जानेवाले 19 विमानों की उडानों को ऐन समय पर रद्द कर दिए जाने से अमरावती के 200 यात्री प्रभावित हुए है. क्योंकि उनकी उमराह हेतु मक्का की यात्रा पर रवाना होने का पूरा नियोजन गडबडा गया है.
* सहायता व जानकारी हेतु टोल फ्री क्रमांक जारी
मध्य पूर्व एवं खाडी देशों में चल रहे युद्धसदृष्य हालात और वहां पर अटके राज्य सहित जिले के नागरिकों की सुरक्षा हेतु सरकार एवं प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण नियमावली व हेल्पलाइन क्रमांक जारी किए गए है. साथ ही केंद्रीय विदेश मंत्रालय व विविध भारतीय दुतावासों द्वारा भी हालात पर नजर रखी जा रही है. विदेश में अटके लोगों की सुरक्षा को लेकर जानकारी देने हेतु या सहायता प्राप्त करने हेतु राज्य आपातकालिन कार्य केंद्र व स्थानीय नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन क्रमांकों से संपर्क साधा जा सकता है.
* टोल फ्री व हेल्पलाइन क्रमांक
– राज्य आपातकालिन केंद्र – 1077 (टोल फ्री), 9321587143, 022-22027990
– अमरावती जिलाधीश कार्यालय नियंत्रण कक्ष – 0721-2662025
– ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय – 7588410000
* यवतमाल के 5 लोग अटकें है दुबई में
ईराण व अमरीका के बीच चल रहे संघर्ष के चलते यवतमाल निवासी 5 लोग भी प्रभावित हुए है. जो इस समय दुबई में फंसे हुए है. युद्धजन्य हालात के चलते वापसी की उडान सेवा रद्द हो जाने की वजह से यवतमाल निवासी राजीव नीलावार, राजू लोहाणा, सतीश बनगीनवार, निखिल जिरापुरे व दिग्रस निवासी श्याम पाटिल इस समय दुबई में ही रुके रहने के लिए मजबूर है. जानकारी के मुताबिक यह पांचों लोग विगत 24 फरवरी को पर्यटन हेतु दुबई पहुंचे थे और सोमवार 2 मार्च को वापसी की यात्रा पर रवाना होनेवाले थे. परंतु युद्धजन्य हालात के चलते विमान सेवा अचानक रद्द हो जाने के चलते उन्हें दुबई में ही रुकना पडा. इन पांचों लोगों सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो क्लीप पोस्ट व शेयर करते हुए अपने सकुशल रहने की जानकारी दी और बताया कि, दुबई में किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है तथा सभी सेवाएं व सुविधाएं सुचारु है.
* तुर्की में फंसी अमरावती की मैथिली सुरक्षित लंदन वापिस लौटी
– सांसद बलवंत वानखडे की तत्परता से परिवार को मिली राहत
शहर के सामाजिक कार्यकर्ता समाधान वानखडे की बेटी मैथिली वानखडे लंडन से दुबई जाते समय कनेक्टींग फ्लाईट के लिए तुर्की के एअरपोर्ट पर रुकी हुई थी, तभी अमरीका व ईराण के बीच युद्ध शुरु हो जाने के चलते दुबई के लिए रवाना होनेवाली फ्लाईट को रद्द कर दिया गया. जिसके चलते मैथिली वानखडे तुर्की के ही विमानतल पर अटकी रह गई. जिसके साथ काफी समय तक कोई संपर्क भी नहीं हो पाया. जिसकी वजह से अमरावती में रहनेवाला वानखडे परिवार चिंतित हो गया और मैथिली के पिता समाधान वानखडे सांसद बलवंत वानखडे से संपर्क साधते हुए उन्हें पूरी बात से अवगत कराया. जिसके उपरांत सांसद बलवंत वानखडे ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रात करीब 11 बजे तुर्की में स्थित भारतीय दूतावास के जरिए मैथिली से संपर्क साधा और उसकी उसके माता-पिता व भाई से फोन पर बात कराई. जिससे परिवार को थोडी राहत मिली. इसके बाद मैथिली वानखडे तुर्की से एक बार फिर सुरक्षित लंदन वापिस पहुंच गई. यह जानकारी मिलते ही वानखडे परिवार की चिंता खत्म हुई.
* विदर्भ के 5 हजार यात्री फंसे है सऊदी अरब में
– नागपुर से कतर, शारजाह व दोहा की उडाने रद्द
इसके साथ ही यह जानकारी भी सामने आई है कि, अमरीका व इझराईल द्वारा ईराण पर किए गए हमले के बाद खाडी देशों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया है. जिसके चलते सऊदी अरब की ओर आने-जानेवाली उडानों पर अनिश्चितता के बादल छाए हुए है और बडी संख्या में फ्लाईट्स को रद्द कर दिया गया है. जिसके चलते विदर्भ से उमराह करने हेतु मक्का की यात्रा पर पहुंचे करीब 5 हजार लोग इस समय सऊदी अरब में फंसे हुए है.
जानकारी के मुताबिक जहां एक ओर सऊदी अरब की सरकार ने विजा देना बंद कर दिया है. वहीं दूसरी ओर युद्धजन्य हालात को देखते हुए नागपुर से कतर, शारजाह व दोहा की ओर जानेवाले विमानों की उडानों को भी रद्द कर दिया गया. ऐसे में जहां सऊदी अरब पहुंच चुके यात्रियों की वापसी पर संकट मंडरा रहे है, वहीं सऊदी अरब की यात्रा पर जानेवाले यात्रियों का यात्रा संबंधी नियोजन गडबडाया हुआ है.





