मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाने प्राथमिकता

एमआईएम गट नेता अब्दूल हमीद का कहना

* प्रभाग-16 के नवनिर्वाचित नगरसेवक
* बुनियादी सुविधाओं के साथ स्कूलें अपग्रेड करने की बात
अमरावती /दि.2- एमआईएम के गट नेता एवं प्रभाग-17 के नवनिर्वाचित नगरसेवक अब्दूल हमीद ने कहा कि, पश्चिमी क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है. ऐसे में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पश्चिमी क्षेत्र में खोलने की मांग और प्रयास वे प्राथमिकता से करेंगे. इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव और कागजी कार्रवाई एमआईएम के सभी नगरसेवक मिलकर करने की बात उन्होंने अमरावती मंडल से खास बातचीत में कही. अब्दूल हमीद ने कहा कि, स्वच्छता का मसला तो है ही. किंतु उनके प्रभाग में मनपा शालाओं को अपग्रेड करने के लिए भी वे और एमआईएम पूरी ताकत से कोशिश करेंगे.
* विकास से वंचित प्रभाग
गट नेता अब्दूल हमीद ने बताया कि, उनका प्रभाग काफी विस्तुत है. अलीम नगर, ताज नगर, मुजफ्फर नगर, रोशन नगर, रहमत नगर, हैदरपुरा, जावेद नगर, कलाम नगर, गुलजार नगर आदि अनेक एरिया का इसमें समावेश है. यहां की बुनियादी सुविधाओं का अभाव होने से नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पडता है. ऐसे में एमआईएम ने बुनियादी सुविधाओं के साथ सबसे बडी प्राथमिकता मेडिकल कॉलेज अस्पताल और 40 आंगणवाडी का दे रखा है. अगले कुछ वर्षों में यह सब हकीकत में बदलना है.
* 40 आंगणवाडी का प्रस्ताव
अब्दूल हमीद ने बताया कि, चारों प्रभाग मिलाकर 40 आंगणवाडी के लिए मनपा और संबंधित प्रशासन को इलेक्शन के पहले ही एमआईएम ने प्रस्ताव दे रखा है. उसे हकीकत में लाने हेतु कोशिशें जारी रखेंगे. इन्हीं मुद्दों पर गौर करेंगे. आजाद नगर से लालखडी तक बहने वाले नाले पर सुरक्षा दीवार का मसला भी उनकी प्राथमिकता में है. बारिश के दिनों में नाला ओवर फ्लो होने की हालत होती है. कई लोग पैर फिसलकर नाले में गिर जाते हैं. उसी प्रकार घरों को भी खतरा पैदा हो जाता है. इसलिए सुरक्षा दीवार का विषय अहम है. उसे सभी प्रशासनिक प्रस्ताव, दस्तावेजी कार्यवाही पूर्ण कर हकीकत में तब्दील करना है.
* मनपा शालाएं करना है अपडेट
गट नेता अब्दूल हमीद ने कहा कि, प्रभाग में महापालिका की शालाएं है. किंतु उनका मकसद शालाओं को अपग्रेड करना है. कक्षा 9 वीं और 10 वीं के आगे की पढाई की व्यवस्था यहीं करने के लिए कोशिशें की जाएगी. उन्होंने मनपा के केवल 2 स्वास्थ्य केंद्र नागपुरी गेट और हबीब नगर में होने की जानकारी देते हुए बताया कि, अस्पतालों की संख्या बढाना आवश्यक है. एरिया बढा है. आबादी भी बढ रही है. इसलिए स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर और प्रभावी करने के लिए ही वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल की शहर की पश्चिमी क्षेत्र में स्थापना की डिमांड कर रहे हैं.
* परिवार में 8 भाई
शेख हमीद शेख वाहेद उर्फ अब्दूल हमीद के परिवार में आठ भाई, एक बहन का समावेश है. उनके पिता अब्दूल वाहेद और माताजी तैयब बी है. पत्नी रुखसार परवीन है. उनकी बेटी आयशा सिद्दकी और बेटा अंजला है. दोनो अभी छोटे है. नर्सरी और प्राथमिक शाला में पढ रहे हैं. युवा नगरसेवक अब्दूल हमीद ने बताया कि, पब्लिक के समाधान के लिए सभी प्रकार के काम करने एमआईएम के तमाम नगरसेवक तत्पर रहेंगे. उसी प्रकार विकास कार्यों पर निश्चित ही जोर दिया जाएगा. इस बातचीत दौरान भी अब्दूल हमीद तत्पर रहे. उनके एरिया में किसी को अस्पताल के लिए तत्काल ले जाना था. अब्दूल हमीद ने पहले उसकी व्यवस्था करवाई. उसके बाद अमरावती मंडल से मुखातिब हुए. युवा नगरसेवक ने कहा कि, गंदगी से छुटकारा दिलाना भी नगरसेवक का काम होता है. इसलिए वे प्राथमिकता से अपने प्रभाग की साफ-सफाई पर नियमित रुप से ध्यान देंगे. उन्होंने कहा कि, बेशक लोगों में भी साफ-सफाई के प्रति जागरुकता लाना होगा. कुछ बातें समझानी और अमल में लानी होगी. जिससे अपना एरिया साफ-सुथरा, चकाचक रहे. इसके वास्ते नागरिकों का योगदान जरुरी है.

Back to top button