पूर्व सांसद नवनीत राणा ने आदिवासियों संग जमकर मनाई होली

खुद को बताया मेलघाट की बेटी, कई आदिवासी गांवों को दी भेंट

अमरावती /दि.4 – भाजपा नेत्री एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मेलघाट क्षेत्र में आदिवासी समाज के साथ होली का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया. मेलघाट की बेटी के रूप में उन्होंने क्षेत्र के हरीसाल, धारणी, सुसर्डा, साद्राबादी, बासपानी, दिया, धारण माहू, धाकरमल, चाकर्दा और उतावली गांवों में आयोजित होलिका दहन कार्यक्रमों में भाग लेकर विधिवत पूजा-अर्चना की.
पूर्व सांसद नवनीत राणा ने मेलघाट के पारंपरिक माहौल में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान आदिवासी भाइयों-बहनों के साथ पारंपरिक नृत्य का आनंद लिया. ढोल-ताशों की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्रामीणों के बीच उनका स्वागत उत्साह और जयघोष के साथ किया गया. ग्रामीणों ने उन्हें मेलघाट की बेटी कहकर सम्मानित किया. इस अवसर पर पूर्व सांसद नवनीत राणा ने कहा, मैं मेलघाट की बेटी हूं, यहां आना अपने परिवार के बीच आने जैसा है. उन्होंने आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आश्वासन भी दिया.

शिवझिरी घाट के दुर्घटना पीड़ितों के घर पहुंचीं
अमरावती पहुंचते ही नवनीत राणा मेलघाट क्षेत्र के शिवझिरी घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के पीड़ित परिवारों से मिलने राणीगांव कंजोली पहुंचीं. इस हादसे में शुकरही धांडे, सिताराम सेलुकर, बाबूलाल दहिकर, किसन धांडे और रिताबाई राठोड़ की मृत्यु हो गई थी. पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया. होली जैसे पर्व पर हुई इस दुखद घटना से व्यथित होकर उन्होंने मृतकों के परिजनों को व्यक्तिगत आर्थिक सहायता प्रदान की. साथ ही घायलों के उपचार में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. पूर्व सांसद नवनीत राणा ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र सरकार से पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी इस संबंध में सहयोग प्राप्त करने की बात कही.

 

Back to top button