तालाब का जहरिला पानी पीने से 51 बकरियों की मौत

अंजनगांव सुर्जी तहसील के मासमपुर पांढरी की घटना

अंजनगांव सुर्जी -/दि.5 – अंजनगांव सुर्जी तहसील के मासमपुर पांढरी गांव में बुधवार 4 मार्च को सुबह एक खेत में बनाए गए अस्थायी तालाब का जहरीला पानी पीने से 51 बकरियों की मौत हो गई. इस घटना से महिला बचत गट पर आर्थिक संकट आ गया है.
जानकारी के मुताबिक मासमपुर पांढरी के मासूम महिला बचत गट की महिलाएं हर दिन की तरह बकरियों को चराने के लिए शिंगमोडी नदी किनारे गई थी. सुबह 10 बजे के बाद बकरियों को पानी पिलाने के लिए महिलाओं ने किसान श्रीकांत रोचके से अनुमति मांगी. किसान ने खेत में बनाए गए अस्थायी तालाब का पानी पिलाने कहा. पानी पीने के कुछ समय के बाद बकरियां एक-एक कर जमीन पर गिरने लगी. महिलाओं को कुछ समझ में आता उसके पहले ही बकरियों की हालत बिगडने लगी और कुछ बकरियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. भयभीत महिलाओं ने गांव में फोन कर सहायता बुलाई. लेकिन पशु चिकित्सक के पहुंचने से पूर्व ही अधिकांश बकरियों ने दम तोड दिया था. घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. इस हादसे में 51 बकरियों की मौत से संबंधित महिलाओं पर आर्थिक संकट आया गया है. यह सभी महिलाएं मासूम महिला बचत गट की सदस्य हैं. उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से लगभग 6 लाख रुपए का कर्ज लेकर बकरियां खरीदी थी. बकरी पालन ही उनके परिवार का मुख्य सहारा था. नुकसान झेलनेवाली महिलाओं में शमशाद बी मोहम्मद रियाज, शहनाज बी वाईद खां, जयबून बी सलीमुद्दीन, हुस्ना बी शेख हमीद, शमाबी इस्राइल खां, शबाना बी सलमान खां, शकील बी सय्यद रियाजुद्दीन और सलमान बी शेख इरफान शामिल हैं. इन महिलाओं ने संबंधित खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित मुआवजा देने की मांग की हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए अंजनगांव के थानेदार सूरज बोंडे ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और पशु चिकित्सा दल को बुलाया. बकरियों के पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत का सटीक कारण क्या था.

 

Back to top button