स्मार्ट मीटर-टीओडी से बदली बिजली उपयोग की आदत

अमरावती में उपभोक्ताओं ने बचाए 87 लाख रुपये

अमरावती/दि.6 – स्मार्ट मीटर और टीओडी (टाइम ऑफ डे) प्रणाली लागू होने के बाद जिले के बिजली उपभोक्ता अब समझदारी से बिजली का उपयोग करने लगे हैं. दिन के समय बिजली खपत पर मिलने वाली छूट के कारण उपभोक्ताओं ने अपनी उपयोग की आदतों में बदलाव किया है. पिछले एक वर्ष में जिले के उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में लगभग 87 लाख रुपये की बचत की है. महावितरण से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 1 लाख 86 हजार 309 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. इनमें से करीब 1 लाख 2 हजार 500 उपभोक्ता टीओडी प्रणाली का लाभ लेते हुए बिजली की बचत कर रहे हैं.

* दिन में बिजली इस्तेमाल पर छूट
टीओडी प्रणाली के तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग पर प्रति यूनिट 80 पैसे की छूट दी जाती है. इस वजह से कई घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता अब एसी, वॉशिंग मशीन, मोटर पंप और अन्य अधिक बिजली खपत करने वाले उपकरण दिन के समय चलाने लगे हैं.

* स्मार्ट मीटर के फायदे
– स्मार्ट मीटर से बिजली खपत का सटीक मापन और पारदर्शी बिलिंग संभव हो रही है.
– मीटर रीडिंग स्वतः ली जाती है.
– बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी मिलती है.
– प्रति घंटे खपत का विवरण उपलब्ध.
– मोबाइल पर अपडेट और बिल की जानकारी.

* क्या है टीओडी प्रणाली
टीओडी यानी टाइम ऑफ डे प्रणाली में बिजली की दरें दिन के अलग-अलग समय के अनुसार तय होती हैं. जब मांग कम होती है तो दरें सस्ती रहती हैं और मांग अधिक होने पर दरें बढ़ जाती हैं. इससे बिजली वितरण प्रणाली पर भार संतुलित करने में मदद मिलती है.

* उपभोक्ताओं को मिला लाभ
महावितरण अधिकारियों के अनुसार, टीओडी प्रणाली का लाभ उठाकर जिले के उपभोक्ताओं ने पिछले एक वर्ष में लगभग 87 लाख रुपये की बचत की है. इसका सबसे अधिक फायदा व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को हुआ है.

* कुछ शिकायतें भी सामने आईं
हालांकि कुछ उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर शिकायतें भी की हैं. कई जगहों पर बिजली बिल अधिक आने, नेटवर्क न होने से डेटा अपडेट में देरी और बिल की तारीख निकलते ही बिजली आपूर्ति कटने जैसी समस्याएं सामने आई हैं. तकनीकी दिक्कतों और जानकारी के अभाव के कारण कुछ उपभोक्ता परेशान भी हो रहे हैं. महावितरण का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और उपभोक्ताओं को टीओडी प्रणाली का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी जा रही है.

Back to top button