पुलिस के सामने ही थाने में जमकर मारपीट
तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

* चांदूर रेलवे पुलिस स्टेशन की घटना
अमरावती/दि.9 – चांदूर रेलवे पुलिस स्टेशन में शनिवार को दोपहर में सनसनीखेज घटना घटित हुई. शिकायत देने के लिए पहुंचे तीन लोग थाना परिसर में ही एक-दूसरे पर गालीगलौच कर बेदम मारपीट करने लगे. ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को इस समय काफी कसरत करनी पडी. इस प्रकरण में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक कैसर खान द्बारा दी गई शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हैं.
7 मार्च को दोपहर 2 से 2.30 बजे के दौरान पृथ्वीराज माकोडे, दीप सुनील पलसकर और निता म्हस्के यह तीनों चांदूर रेलवे थाने में पहुंचे. थाने में मौजूद हवलदार ने उनसे पूछा कि किस बाबत शिकायत हैं. तब तीनों अचानक एक-दूसरे पर चिल्लाने लगे. पुलिस ने उन्हें शांत रहने का अनुरोध किया. लेकिन तीनों ने पुलिस की सूचना की तरफ अनदेखी की. देखते ही देखते विवाद बढने लगा और स्टेशन डायरी हवलदार के कक्ष में ही तीनों एक-दूसरे के साथ बेदम मारपीट करने लगे. उपस्थित हवलदार करिश्मा पोंडे, वायरलेस ड्यूटी तैनात जवान व अन्य कर्मचारियों ने तीनों को मध्यस्थी कर छूडाने का प्रयास किया. लेकिन वे सुनने की परिस्थिति में नहीं थे. आखिरकार थानेदार स्टेशन डायरी के पास पहुंचे और उन्होंने तीनों को एक-दूसरे से दूर किया. मारपीट में पृथ्वीराज माकोडे जख्मी होने से उसे चांदूर रेलवे ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया. वहीं दूसरी तरफ उत्पात मचानेवाले दीप पलसकर और निता म्हस्के पुलिस स्टेशन में शिकायत न देते हुए वहां से भाग गए. कैसर खान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की हैं.





