अमरावती में व्यावसायिक सिलेंडर की सप्लाय बंद
खाडी देशों की जंग का असर

* घरेलू गैस सिलेंडर पर्याप्त स्टॉक किंतु भंडारण न करें
* डीएसओ निनाद लांडे ने लोगों से की अपील
अमरावती/दि.10 – खाडी देशों में चल रहे इरान-अमेरिका युद्ध की वजह से एलपीजी गैस सप्लाई प्रभावित होने की खबरदारी बरतते हुए अमरावती में प्रशासन ने व्यावसायिक सिलेंडर का सप्लाय रोक दिया है. डीएसओ निनाद लांडे ने इसकी पुष्टि करते हुए अमरावती मंडल से चर्चा में बताया कि, केंद्र के आदेश पर यह रोक लगाई गई है. फिर भी अस्पताल संबंधी कैंटीन के लिए सप्लाई जारी रहेगी. उधर अमरावती गैस डीलर्स एसो. के सचिव अखिलेश यादव ने भी स्पष्ट किया कि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं है. केवल कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोकी गई है. यह भी बताया गया कि, अमरावती जिले की बात करें, तो भरपूर मात्रा में एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है.
* दो दिन पूर्व बढाये थे दाम
एलपीजी और कमर्शियल दोनों ही सिलेंडर के रेट सरकार ने पहले ही बढा दिये थे. कमर्शियल सिलेंडर के रेट 115 रुपए बढाने के बावजूद आज युद्ध के हालात गंभीर होते देख केंद्र के आदेश पर उसकी सप्लाई रोकने कहा गया है. इसका व्यापक असर देखने मिल सकता है. व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिलने से होटल, रेस्टारेंट को मौजूदा स्टॉक में ही काम चलाना पडेगा और वह स्टॉक खत्म होने पर होटर्ल्स बंद करने की नौबत आ गई है.
* होटल्स बंद होंगे
कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद करने के शासनादेश से होटल व्यवसाय में खलबली मची है. हालांकि युद्ध की वजह सबके सामने है. किंतु हजारों परिवारों की रोजीरोटी उस पर निर्भर होने से सभी सकपका गये हैं. डीजल टंकियों की सहायता लेनी पड सकती है.
* क्या कहा डीएसओ ने
इस बीच अमरावती के आपूर्ति अधिकारी निनाद लांडे ने कहा कि, केंद्र सरकार के आदेश पर व्यावसायिक सिलेंडर वितरण पर रोक लगाई गई है. तथापि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का अमरावती में पर्याप्त स्टॉक है. लांडे ने कहा कि, दो सिलेंडर की सप्लाई, बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल रखा गया है. उन्होंने लोगों से बगैर चिंतित हुए भंडारण न करने की अपील भी की है. यह भी बताया जाता है कि, आज विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम 10 प्रतिशत नीचे आने से इस मोर्चे पर थोडी राहत की उम्मीद जागी है.





