छत पर खेलते समय बिजली के तार का झटका, दो सगी बहनें गंभीर घायल

दर्यापुर /दि.10- दर्यापुर तहसील के भामोद गांव में रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. घर की छत पर खेल रही दो सगी बहनों को घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार का जोरदार करंट लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं.
मिली जानकारी के अनुसार देवांशी गोवर्धन चव्हाण (5 वर्ष) और आरुषी गोवर्धन चव्हाण (10 वर्ष) दोनों बहनें रविवार दोपहर घर में कोई न होने पर खेलने के लिए छत पर चली गई थीं. इसी दौरान छोटी बच्ची देवांशी का घर के पास से गुजर रही बिजली की तार से गलती से संपर्क हो गया, जिससे उसे तेज करंट लगा. छोटी बहन को करंट लगते देख बड़ी बहन आरुषी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उसे भी बिजली का जोरदार झटका लगा. हादसे में दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को उपचार के लिए दर्यापुर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के अनुसार दोनों बच्चियों का प्राथमिक उपचार जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. इस घटना के बाद भामोद गांव में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने घरों के ऊपर से गुजर रही खतरनाक बिजली की तारों को हटाने की मांग प्रशासन और संबंधित विभाग से की है.
* घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें बन रही खतरा
बता दें कि, ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर घरों और छतों के बेहद पास से बिजली की तारें गुजरती हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देकर आवश्यक सुरक्षा उपाय करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.





