‘उन’ दो रिश्वतखोरों को मिला एक दिन का पीसीआर

कल 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते धरे गए थे दो नगर रचनाकार

* लेआऊट पर पहला सिक्का मारने हेतु मांगी थी रिश्वत, एसीबी के हत्थे चढे
अमरावती/दि.11 – गत रोज भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग के दल ने एक व्यक्ति द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर स्थानीय जिलाधीश कार्यालय के पीछे स्थित राज्य नगर रचना व मूल्य निर्धारण विभाग के सहायक संचालक शाखा कार्यालय में कार्यरत दो नगर रचनाकारों को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा था. जिसके बाद उन दोनों रिश्वतखोर कर्मचारियों को आज स्थानीय अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से अदालत ने दोनों रिश्वतखोरों को एक दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड में रवाना किया. ऐसे में अब उन दोनों रिश्वतखोरों से एसीबी एवं गाडगे नगर पुलिस द्वारा अगले 24 घंटे तक पूछताछ करते हुए उन्हें कल दोपहर बाद एक बार फिर अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा.
बता दें कि, राज्य नगर रचना व मूल्य निर्धारण विभाग के नगर रचनाकार तुषार अमित नंद एवं सहायक नगर रचनाकार गौरव अरुण भगत ने शिकायतकर्ता व्यक्ति से उसके लेआऊट के नक्शे पर पहला सिक्का मारने की ऐवज में उससे 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी. जिसकी शिकायत उस व्यक्ति ने भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग से की थी. जिसके आधार पर मामले की पडताल करते हुए एसीबी के पुलिस उपअधीक्षक सुनील किनगे के नेतृत्व में एसीबी के दल ने कल दोपहर बाद जिलाधीश कार्यालय के पीछे स्थित राज्य सरकार के नगर रचना व मूल्य निर्धारण विभाग में अपना जाल बिछाया था तथा सहायक संचालक कार्यालय में कार्यरत दोनों नगर रचनाकारों को शिकायतकर्ता व्यक्ति से 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा था. जिसके बाद उन दोनों रिश्वतखोरों को आज स्थानीय अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उनकी रवानगी एक दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड में की गई.

Back to top button