अब अभिभावकों के मोबाइल पर दिखेगी स्कूल बस की ‘लाइव लोकेशन’

स्कूली छात्रों की सुरक्षा के लिए अमरावती पुलिस का नया त्रिसूत्री फैसला

* नियम तोड़ने वाली बसों पर होगी जब्ती और केस
अमरावती /दि.13 – स्कूली छात्रों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अमरावती शहर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर अब स्कूल बसों की गतिविधियों पर तकनीक के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. इसके तहत अभिभावकों को अब अपने बच्चों की स्कूल बस की लाइव लोकेशन मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी.
इस संबंध में शनिवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में जिला विद्यालय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्कूली छात्रों के सुरक्षित परिवहन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. निर्णय के अनुसार अब स्कूल, बस चालक, बस मालिक और अभिभावकों का एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाना अनिवार्य होगा. इस ग्रुप में बस की लाइव लोकेशन साझा की जाएगी, जिससे अभिभावकों को यह जानकारी मिल सकेगी कि उनके बच्चों की बस कहां है और वह घर कब पहुंचेगी.
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि स्कूल बसों के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सीधी जब्ती और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी. बिना फिटनेस सर्टिफिकेट या नियमों का पालन न करने वाली बसों पर आरटीओ और यातायात पुलिस संयुक्त कार्रवाई करेंगे. बैठक में एसीपी संजय खताले, यातायात निरीक्षक प्रवीण वांगे, रीता उइके, ज्योति विल्हेकर सहित प्रादेशिक परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रतिनिधि और निजी स्कूल बस ट्रांसपोर्टर संघ के सदस्य उपस्थित थे. इस दौरान एआरटीओ प्रशांत देशमुख भी मौजूद रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की ही जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है.

* स्कूल बसों के लिए नए सुरक्षा नियम
– बस में सीसीटीवी कैमरा और स्पीड कंट्रोलर अनिवार्य
– प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किट उपलब्ध होना जरूरी
– 2 से अधिक सीटों वाली बसों में महिला परिचारिका अनिवार्य
– चालक और परिचारिका का पुलिस चरित्र सत्यापन जरूरी
– नियम तोड़ने वाली बसों पर जब्ती और कानूनी कार्रवाई

Back to top button