14 वर्ष की लड़कियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन
अमरावती के 13 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में शुरू हुआ टीकाकरण अभियान

* गर्भाशय कैंसर से बचाव का प्रयास
अमरावती /दि.13 – बदलती जीवनशैली के कारण महिलाओं में गर्भाशय मुख (सर्वाइकल) कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अमरावती में किशोरियों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत शहर की 14 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी की रोकथाम वाली वैक्सीन मुफ्त दी जाएगी.
अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र के 13 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में यह टीकाकरण सुविधा उपलब्ध कराई गई है. निजी अस्पतालों में यह वैक्सीन काफी महंगी होती है, लेकिन अब सरकारी स्तर पर इसे निःशुल्क उपलब्ध कराने से बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है. विशेषज्ञों के अनुसार समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाने से भविष्य में गर्भाशय मुख के कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है. इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण समय पर कराएं. इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है. यह प्रशिक्षण सत्र अमरावती के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया. इस अवसर पर डॉ. संदीप पाठबागे, डॉ. स्वाती कोवे, मधुसूदन निर्मल, डॉ. स्वप्ना वानखेडे और तेजस्वी नागतुरे सहित 13 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे.
* एचपीवी वैक्सीन क्यों जरूरी?
– गर्भाशय मुख के कैंसर से बचाव में प्रभावी
– 14 वर्ष की आयु में लगवाना सबसे लाभकारी
– सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त सुविधा
– समय पर टीकाकरण से भविष्य का जोखिम कम स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह पहल महिलाओं में कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.





