17 की आमसभा की कार्य सूची तय
मनपा संकुलों का भाडा, एलईडी, देखभाल, हॉकर्स के विषय

* नगरसेवकों के 100 से अधिक प्रस्ताव
* 46 प्रश्न भी रखे गये हैं सभा में
* विषय समितियों के साथ वृक्ष प्राधिकरण समिति
अमरावती/दि.13 – महापालिका की अगली आमसभा 17 मार्च को सबेरे 11 बजे से शुरु होने जा रही है. जिसकी विषय सूची शुक्रवार दोपहर लगभग तैयार हो जाने की जानकारी देते हुए अधिकृत सूत्रों ने बताया कि, प्रशासन ने 4 महत्वपूर्ण विषय सदन में चर्चा और निर्णय के लिए रखे है. उसी प्रकार नगरसेवकों की ओर से पिछले मिलाकर अब 100 से अधिक प्रस्ताव और 46 से अधिक प्रश्न हो गये हैं. मनपा की चारों विषय समितियों शिक्षा, शहर सुधार, विधि, महिला व बालकल्याण के 9-9 सदस्यों का चयन होना है. ऐसे ही वृक्ष प्राधिकरण समिति भी बनाई जाएगी.
सूत्रों ने अमरावती मंडल को बताया कि, प्रशासन ने मनपा संकुलों ेके दुकानों के किराए संबंधी निर्धारण समिति की बैठक के प्रस्ताव आमसभा में विचार और निर्णय के लिए दिये हैं. समस्त शहरवासियों की इस प्रस्ताव पर निगाहे टिकी हैं. किराया बढाया जाता है, या नहीं अथवा बढाया जाता है तो किस अनुपात में किराया घट-बढ होती है, यह देखने वाली बात रहेगी. उसी प्रकार शहर की स्ट्रीट लाइट, एलईडी देखभाल के ठेके का प्रस्ताव भी आमसभा में विचारार्थ प्रस्तुत किया गया है. हॉकर्स से संबंधित विषय आमसभा में रखते हुए इस पर निर्णय का अनुरोध किया गया है. इस बीच नगरसेवकों ने अपनी पार्टी लाइन के हिसाब से तैयारी शुरु की है. खास कर समितियों में जाने के लिए नगरसेवकों में होड बतायी जा रही.
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि, पिछले ही अनेक प्रश्न और प्रस्ताव अभी प्रलंबित बने हुए हैं. नियमानुसार आने वाले प्रस्तावों को आमसभा की विषय सूची में लेना आवश्यक होता है. 17 मार्च की आमसभा की अधिसूचना आज जारी होनी है. जिसके लिए प्रश्नों का नगर सचिव के पास भेजा जाना शुरु है. समाचार लिखे जाने तक शिवसेना पार्षद संजय गव्हाले ने 5, बीजेपी की सुरेखा लुंगारे ने 4, युवा स्वाभिमान की प्रियंका पाटने ने 4, भाजपा के आशीष अतकरे ने 3, कांग्रेस के संजय शिरभाते ने 3, भाजपा के मिलिंद बांबल ने 3, प्रशांत महल्ले ने 3 प्रस्ताव और प्रश्न दिये जाने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी. उल्लेखनीय है कि, 145 से अधिक प्रश्न और प्रस्ताव प्रशासन को प्राप्त हुए हैं. उसी प्रकार पिछली सभा के भी अनेक प्रश्न अभी चर्चार्थ प्रलंबित होने की जानकारी है.





