डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज में 12 से 14 अक्टूबर तक मुफ्त क्लेफ्ट सर्जरी कैंप
मिशन स्माइल, बजाज फिनसर्व और डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज का संयुक्त आयोजन

40 से अधिक सर्जरी का लक्ष्य
अमरावती/दि.3 – जन्मजात कटे होंठ और कटे तालू से पीड़ित बच्चों एवं युवा मरीजों के लिए अमरावती के डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में तीन दिवसीय नि:शुल्क सुधारात्मक शल्यक्रिया शिविर का आयोजन किया जा रहा है. मिशन स्माइल, बजाज फिनसर्व और डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर 12 से 14 अक्टूबर तक चलेगा.
आयोजकों ने शनिवार को आयोजित पत्रकार परिषद में जानकारी देते हुए बताया कि 12 अक्टूबर को मरीजों की जांच एवं चयन किया जाएगा, जबकि पात्र मरीजों की 13 और 14 अक्टूबर को नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी. इस दौरान करीब 60 से 70 मरीजों की जांच होने की संभावना है तथा इनमें पात्र मरीजों में से 40 से अधिक सर्जरी करने का लक्ष्य रखा गया है. पत्रकार परिषद में डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की ओर से डॉ. नीरज मुरके, डॉ. राजेंद्र गनेरीवाला, डॉ. सचिन दामके, हर्षल गजभे और वैभव कोकाटे, जबकि मिशन स्माइल की ओर से रफीउर रहमान उपस्थित थे.
* मरीजों को सर्जरी से लेकर पोषण सहायता तक नि:शुल्क सुविधा
शिविर में देशभर से प्लास्टिक सर्जरी, ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी, एनेस्थीसिया, बाल रोग, दंत चिकित्सा और नर्सिंग क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सक सहभागी होंगे. भर्ती किए गए मरीजों को सर्जरी, दवाइयां, पोषण सहायता, भोजन, उपचार के बाद फॉलो-अप और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा मरीज तथा उनके एक अभिभावक या सहायक के लिए यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य बताया गया है.
* महाराष्ट्र में 120 से अधिक मरीजों की हो चुकी सर्जरी
मिशन स्माइल की ओर से बताया गया कि महाराष्ट्र में अब तक 120 से अधिक मरीजों की नि:शुल्क सर्जरी की जा चुकी है. डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में मिशन स्माइल का यह पहला चिकित्सा अभियान है. इससे पहले बजाज फिनसर्व के सहयोग से असम और त्रिपुरा में चलाए गए क्लेफ्ट केयर अभियानों में करीब 650 लाभार्थियों को नि:शुल्क सुधारात्मक सर्जरी एवं संबंधित उपचार उपलब्ध कराया गया है. आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का विस्तार करते हुए अमरावती सहित विदर्भ के अन्य जिलों के जरूरतमंद मरीजों तक भी नि:शुल्क क्लेफ्ट उपचार पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
* देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
शिविर में लुधियाना के डॉ. कुलजीत सिंह विर्क, हैदराबाद के डॉ. प्रभाकर मर्गम, मुंबई के डॉ. रंगनाथ जवाहर, कटक के डॉ. अभितोष देबता, पुणे की डॉ. पूजा दांडेकर, कोलार मध्य प्रदेश की डॉ. सुजाथा, चेन्नई की डॉ. अन्नू थैगराजन तथा कोच्चि के डॉ. रोहित कमल अपनी सेवाएं देंगे. वहीं डॉ. राजेंद्र गोडे मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की ओर से सीईओ डॉ. योगेश गोडे, संचालक डॉ. सुनील हातकर, प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. सीमा सुने, ईएनटी विभाग प्रमुख डॉ. नीरज मुरके, डॉ. प्राजक्ता मोवले, मैक्सिलोफेशियल विशेषज्ञ डॉ. अश्विनी डंडे, एनेस्थेटिस्ट डॉ. राधा सावदेकर, डॉ. नितिन अलसपुरकर, डॉ. शुभम राठी, डॉ. सौरभ लकड़े, डॉ. शिवानी गंधे, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन दामके और डॉ. विजयसिंह राजपूत मरीजों को सेवाएं देंगे.
* 79 हजार से अधिक मरीजों का मूल्यांकन
मिशन स्माइल के अनुसार, संस्था वर्ष 2002 से क्लेफ्ट लिप, क्लेफ्ट पैलेट और चेहरे की अन्य जन्मजात विकृतियों से पीड़ित मरीजों के लिए नि:शुल्क उपचार उपलब्ध करा रही है. संस्था ने अब तक देशभर में 79 हजार से अधिक क्लेफ्ट मरीजों का चिकित्सा मूल्यांकन किया है और 53 हजार से अधिक बच्चों एवं वयस्कों को नि:शुल्क सर्जरी व क्लेफ्ट केयर उपलब्ध कराया है. संस्था के अनुसार देशभर में 185 चिकित्सा अभियानों, 17 आउटरीच केंद्रों तथा गुवाहाटी स्थित व्यापक क्लेफ्ट केयर सेंटर के माध्यम से सेवाएं दी जा रही हैं. इंदिरा बहुउद्देश्यीय शिक्षण संस्था के अध्यक्ष योगेंद्रजी गोडे तथा सचिव तन्वी गोडे ने ऐसे मरीजोपयोगी शिविरों के आयोजन में सहयोग जारी रखने की बात कही. पत्रकार परिषद में डॉ. नीरज मुरके ने जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों से इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की.





