माऊली बैंक के खिलाफ थाने पहुंचा मामला, 250 जमाकर्ताओं के 4 करोड़ रुपए अटके

रकम लौटाने में लगातार टालमटोल से परेशान सेवानिवृत्त शिक्षक ने परतवाड़ा थाने में दर्ज कराई शिकायत

अचलपुर/दि.3  – परतवाड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित माऊली मल्टीस्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी में जमाकर्ताओं की जमा राशि वापस नहीं मिलने का मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है. बैंक प्रबंधन द्वारा लगातार तारीख पर तारीख दिए जाने से परेशान एक सेवानिवृत्त शिक्षक ने शुक्रवार को परतवाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. बताया जा रहा है कि बैंक में करीब 250 जमाकर्ताओं के लगभग 4 करोड़ रुपए अटके हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक बैंक प्रबंधन द्वारा अन्य बैंकों की तुलना में अधिक ब्याज देने का भरोसा दिलाकर लोगों से बड़ी मात्रा में जमा राशि ली गई थी. निर्धारित अवधि के लिए जमा रकम के बदले जमाकर्ताओं को मूलधन और ब्याज की राशि का उल्लेख करते हुए बॉन्ड भी दिए गए थे. अवधि पूरी होने के बाद जब जमाकर्ता अपनी रकम वापस लेने बैंक पहुंचे, तो उन्हें कथित तौर पर शाखा प्रबंधन की ओर से अलग-अलग नई तारीखें दी जाने लगीं.
* तारीख पर तारीख मिलने से बढ़ा आक्रोश
लगातार भुगतान की तारीख आगे बढ़ाए जाने और बैंक शाखा कुछ दिनों तक बंद रहने से जमाकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती गई. इस दौरान बैंक के अध्यक्ष के नाशिक में होने की जानकारी जमाकर्ताओं को दी गई. अध्यक्ष के नहीं पहुंचने से भी लोगों में असंतोष और बढ़ गया.
* सेवानिवृत्त शिक्षक के 11 लाख रुपए अटके
शिकायतकर्ता सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश चौधरी के मुताबिक उन्होंने बैंक प्रबंधन के आश्वासन पर करीब 11 लाख रुपए जमा किए थे. निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने कई बार रकम वापस मांगी, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं किया गया. लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद रकम नहीं लौटाए जाने पर आखिरकार उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.
* पुलिस ने शुरू की जांच
परतवाड़ा पुलिस ने बैंक शाखा के खिलाफ शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है. थानेदार अजय आकरे ने बताया कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान बैंक में जमा रकम, जमाकर्ताओं की संख्या, भुगतान की स्थिति तथा संबंधित दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जा सकती है.
* शाखा प्रबंधक बोले-शिकायत की जानकारी नहीं
वहीं, शाखा प्रबंधक विजय पानेकर ने कहा कि उन्हें शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि जमाकर्ताओं को 5 अक्टूबर को बैंक अध्यक्ष के आने की जानकारी दी गई थी. साथ ही, वर्तमान स्थिति को देखते हुए पुलिस को एहतियात के तौर पर लिखित जानकारी दिए जाने की बात भी उन्होंने कही.

Back to top button