‘सुवर्ण कन्या’ कुमकुम के घर पहुंचे सांसद वानखडे व पूर्व मंत्री ठाकुर
एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली तीरंदाज कुमकुम मोहोड के परिवार का सम्मान

अमरावती की बेटी ने भारतीय रिकर्व तीरंदाजी टीम के साथ रचा इतिहास
अमरावती/दि.3 – अमरावती की प्रतिभावान तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोड ने भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम के साथ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश और शहर का नाम गौरवान्वित किया है. महिला रिकर्व टीम को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाली इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के सांसद बलवंत वानखडे तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने कुमकुम के निवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता का सम्मान किया और शुभकामनाएं दीं. इस समय पूर्व महापौर विलास इंगोले, कांग्रेस शहर अध्यक्ष बबलू शेखावत तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे.
इस अवसर पर पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने कहा कि कुमकुम की सफलता के पीछे उसके माता-पिता का अथक परिश्रम, प्रोत्साहन और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि कुमकुम ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल अमरावती, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कुमकुम मोहोड की उपलब्धि को अमरावती के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी यह ऐतिहासिक सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. शहरवासियों ने भी कुमकुम और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.




