पूर्व सांसद नवनीत राणा ने किया मेलघाट क्षेत्र का दौरा

जल किल्लत की समस्या का लिया जायजा

* कंजोली रानीगांव में पानी संकट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
* गांव में बोरवेल के लिए मंजूर हुई निधि
अमरावती/दि.13 – भाजपा नेत्री और पूर्व सांसद नवनीत राणा ने मेलघाट क्षेत्र में बढ़ती पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए हाल ही में क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया. दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन को तत्काल समाधान के निर्देश दिए. दौरे के दौरान उन्होंने मेलघाट क्षेत्र के कंजोली रानीगांव का भी दौरा किया. यहां ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पीने के पानी की स्थिति अत्यंत गंभीर है और लोगों को रोजाना पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता है. महिलाओं और ग्रामीणों को पानी लाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सांसद नवनीत राणा ने तुरंत प्रशासन से संपर्क कर गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए. उनके निर्देश के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नए बोरवेल के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराई और प्रशासनिक मंजूरी भी प्रदान की. प्रशासन द्वारा तेजी से प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद कंजोली रानीगांव में बोरवेल का काम शुरू किया गया, जिससे गांव की लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का समाधान होने लगा है.
इस त्वरित कार्रवाई से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है. ग्रामीणों और विशेष रूप से महिलाओं ने पानी की समस्या पर तुरंत ध्यान देने और प्रशासन को निर्देश देकर समाधान कराने के लिए नवनीत राणा का आभार व्यक्त किया. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण उन्हें लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन नवनीत राणा के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने तेजी से कदम उठाते हुए गांव की पानीटंचाई का मुद्दा सुलझाया, जिससे गांव में राहत का माहौल है.

Back to top button