कल भी पूरे विदर्भ में अमरावती रहा सबसे ‘हॉट’

पारा 40.6 डिग्री के स्तर पर रहा, अब लुढकेगा

* अगले 2-3 दिनों के दौरान गर्मी से मिलेगी राहत
* 18, 19 व 20 को बारिश की संभावना
अमरावती/दि.16- इस समय अमरावती में रिकॉर्डतोड गर्मी पड रही है और मार्च माह के दौरान ही अमरावती शहर सहित जिले में पुराने आंकडों को पीछे छोडते हुए गर्मी का मौसम नए रिकॉर्ड बना रहा है. जिसके चलते विगत एक सप्ताह के दौरान अमरावती शहर व जिला विदर्भ सहित राज्य एवं देश में सबसे अधिक गर्म बना हुआ है. यह सिलसिला कल रविवार 15 मार्च को भी कायम रहा, जब अमरावती में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सीअस दर्ज हुआ, यह विदर्भ क्षेत्र अन्य जिलो की तुलना में सबसे अधिक तापमान था. साथ ही आज गर्मी की तीव्रता में थोडी कमी आई और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ. इसके साथ ही अब अगले 2-3 दिनों के दौरान अमरावती को तेज धूप व भीषण गर्मी से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है. साथ ही साथ आगामी 18 से 20 मार्च के दौरान अमरावती शहर व जिले सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र में बदरीला मौसम रहने तथा आंधी-तूफान व बिजली की तेज गडगडाहटों के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है. जिससे निश्चित तौर पर तेज धूप और भीषण गर्मी की तीव्रता कम होगी.
मौसम विज्ञानी प्रा. अनिल बंड के मुताबिक इस समय पश्चिमी विक्षोभ हिमालय पर ट्रफ रेखा के रुप में सक्रिय है. साथ ही चक्रवाती हवाएं भी चल रही है. जिसकी वजह से अमरावती सहित अकोला एवं वर्धा जिलों में लू वाली स्थिति बनी हुई है. हालांकि अब मौसम में हो रहे बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सीअस की गिरावट आने की भी पूरी उम्मीद है. क्योंकि, 16, 17 व 18 मार्च को विदर्भ के कई जिलों तथा 18, 19 व 20 मार्च को अमरावती शहर सहित जिले में बारिश होने की संभावना है. जिसके चलते 16 मार्च को पूर्वी विदर्भ सहित यवतमाल जिले, 17 मार्च को यवतमाल, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गढचिरोली, वर्धा व नागपुर तथा 18 से 20 मार्च के दौरान अमरावती शहर सहित जिले में तेज हवाओं व बिजली की गडगडाहट के साथ हलके व मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना बनी हुई है.

Back to top button