प्रभाग 1 से हो गया प्रारंभ, मनपा स्वास्थ्य अधिकारी जाधव का फूलों और मालाओं से ‘स्वागत’
चारों नगरसेवकों कल्याणी तायडे, चंदू खेडकर, वंदना मडघे, गुड्डू धर्माले सफाई के लिए एकजुट

* कोणार्क के वादें यह गये धरे, केवल 3 कर्मचारी पहुंचे थे प्रभाग सफाई हेतु
* अतिरिक्त आयुक्त नाईक भी पहुंची थी रहाटगांव-शेगांव मार्ग पर
अमरावती/दि.16 – महापालिका अंतर्गत झोन-1 का भी साफ-सफाई का जिम्मा गत शनिवार 14 मार्च से एकल ठेकेदार कोणार्क इंफ्राट्रक्चर को दिये जाने के बावजूद गिनती के दो-चार सफाई कर्मी वहां पहुंचने से खफा हुए चारों नगरसेवकों ने आज सबेरे मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय जाधव का फूलमालाओं और फूल बरसाकर ‘स्वागत’ कर अपने कठोर इरादे नये अंदाज में जाहीर कर दिये. खबर है कि, नगरसेवकों के फोन कॉल के कारण अतिरिक्त आयुक्त नाईक मैडम वहां पहुंची थी. उन्हीं की दखल के कारण आज डॉ. अजय जाधव नगरसेवकों का कोपभाजन होने से बाल-बाल बच गये. किंतु नगरसेवक चंदू खेडकर ने आज दोपहर आयुक्त मैडम से प्रत्यक्ष भेंट कर प्रभाग की जोरदार साफ-सफाई के लिए आवश्यक संख्या में कर्मचारी, वाहन और अन्य बातों की पूर्ति हेतु चेतावनी के लहजे में आगाह किया.
* पौने 6 बजे से इंतजार
नगरसेवक चंदू खेडकर ने बताया कि, प्रभाग में जहां सफाई कर्मी एकत्र होते हैं. ऐसे रहाटगांव-शेगांव रोेड के बीच के स्थान पर वे सबेरे ठीक 5.45 बजे पहुंच गये थे. उसी प्रकार साथी नगरसेवक प्रशांत उर्फ गुड्डू धर्माले, वंदना प्रदीप मडघे तथा कल्याणी आकाश तायडे भी मौजूद थी. सभी वहां सफाई कर्मियों का इंतजार कर रहे थे. केवल दो एसआई और तीन सफाई कर्मी तथा तीन ही संख्या में ऑटो रिक्शा आये थे. जिसे देखकर नगरसेवक गुस्सा हो गये.
* डॉ. जाधव को लगाई कॉल
चंदू खेडकर और गुड्डू धर्माले ने बताया कि, मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय जाधव ने गत शनिवार से ही कोणार्क के ताबे में सफाई ठेका जाने के साथ प्रभाग की जोरदार साफ-सफाई, सभी एरिया को गंदगी से मुक्त करने का वादा किया था. 14 और 15 दोनों तारीख को नगरसेवकों ने सफाई कर्मियों की देर तक प्रतीक्षा की. कोई कर्मचारी नहीं फटका. ऐसे में भारी जनदबाव के कारण उन्होंने डॉ. अजय जाधव को कॉल लगाई. उन्होंने कॉल रिसिव नहीं की, तब अतिरिक्त आयुक्त मैडम नाईक को कॉल की गई. उन्होंने तुरंत करीब 7 बजे वहां पहुंचकर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जाधव को वहां बुलाया.
* फूल बरसाकर स्वागत
डॉ. जाधव के वहां पहुंचने पर खबर है कि, नगरसेवकों और उनके समर्थकों ने फूल बरसाकर स्वागत किया. फूलों की माला पहनाने का भी प्रयास किया. डॉ. जाधव ने ऐसा न करने का अनुरोध किया. किंतु नगरसेवक और समर्थक अडे थे. उन्होंने इस अंदाज में कथित स्वागत कर वीडियो और फोटो निकाले. नगरसेवक इस बात से खफा थे कि, डॉ. अजय जाधव ने प्रभाग-1 शेगांव-रहाटगांव में 55 कर्मचारी, 10 ऑटो रिक्शा और अन्य साधन भेजने की बात कही थी. जबकि हकीकत में 3 ऑटो रिक्शा और 2 एसआई तथा 3-4 सफाई कर्मी ही पहुंचे थे. जिससे नगरसेवकों का पारा चढ गया. उन्होंने आज सबेरे अजय जाधव का ‘फूलों से स्वागत’ कर डाला.
* अगली बार बांध देंगे बबूल के पेड से
नगरसेवकों ने दावा किया कि, उन्हें जनता की बातें सुननी पडती है. प्रभाग में स्वच्छता का घोर अभाव है. मनपा और कोणार्क ठेका-ठेका खेल रहे हैं. अधिकारी बडे-बडे वादें कर ठेके के नियम-कायदों ेके हवाले दे रहे हैं. जनता को कोपभाजन उन्हें बनना पड रहा है. अत: नगरसेवकों ने अगली बार स्वास्थ्य अधिकारी को बबूल के पेड से बांध देने की खुली धमकी अमरावती मंडल से चर्चा दौरान दी. विशेषकर नगरसेवक चंदू खेडकर खासे आक्रमक नजर आये. उन्होंने दोपहर में आयुक्त महोदया से भी मनपा दफ्तर जाकर भेंट कर अपने प्रभाग की गंदगी के साम्राज्य की शिकायत कर डाली.
* सभी आक्रमक, वीडियो वायरल
प्रभाग-1 में आज सबेरे हुए स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जाधव के अनूठे स्वागत की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद चर्चा में आ गई थी. वीडियो में नगसेवकों द्वारा डॉ. जाधव के प्रतिकात्मक स्वागत की कोशिश दिखाई दे रही है. आकाश तायडे कहते सुने गये कि, आपको माला कबूल करनी पडेगी. वहीं चंदू खेडकर और गुड्डू धर्माले के समर्थक भी साफ-सफाई हेतु उद्यत नजर आ रहे हैं.





