बादलों का डेरा, लुढका पारा
पश्चिम विदर्भ को गर्मी से दो दिन राहत

* कहीं कहीं हो सकती बूंदाबादी
अमरावती / दि.18- पश्चिम विदर्भ में आखिर मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार न केवल पारा 3-4 डिग्री लुढक गया है. बल्कि आसमान में बादल छाए होने से लोगों को तेज धूप से राहत मिली है. अगले दो दिन यह राहत भरा मौसम कायम रह सकता है. उसी प्रकार यवतमाल, वर्धा सहित अनेक भागों में हल्की बरसात भी होने का अंदाज प्रादेशिक मौसम विभाग नागपुर ने व्यक्त किया. अमरावती में आज तापमान अधिकतम 35 डिग्री के आसपास बताया गया. न्यूनतम पारा 21-22 डिग्री रहने की संभावना प्रायवेट मौसम एजेंसी स्कायमेट ने व्यक्त की.
* करवट बदली, सभी को सुकून
मौसम ने अंदाज के अनुसार करवट बदल ली. आसमान मेघों से भर गया. आग उगलते सूरज की किरणों की राह बादलों ने रोक दी. जिससे रिकार्ड तापमान दर्ज कर रहे अमरावती और अकोला सहित पश्चिम विदर्भ के लोगों ने ठंडी सांस भरी. सभी को सुकून देनेवाला मौसम हो जाने का दावा किया गया. हालांकि गर्मी के सीजन में बादलों का डेरा बेमौसम माना जाता है. फिर भी 40-42 डिग्री तापमान झेल रहे पश्चिम विदर्भवासियों को तुलना में 35-36 डिग्री का पारा थोडा सहज और राहत वाला माना गया.
* वर्धा में ओले की आशंका
नागपुर मौसम केन्द्र के अनुसार समस्त विदर्भ मेें मौसम बदला है. चंद्रपुर और वर्धा में ओले गिरने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है. बारिश का ऑरेंज अलर्ट उक्त दोनों जिलों के लिए रहने की चेतावनी दी गई और बताया गया कि 18-19 मार्च को नागपुर सहित विदर्भ के अधिकांश जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है.
* लातूर, परभणी में ओलावृष्टि
मराठवाडा से प्राप्त ताजा समाचारों के अनुसार लातूर और परभणी तथा कई भागों में तेज बरसात हुई है. उसी प्रकार ओले भी बडी मात्रा में गिरे हैं. हिमालय जैसा नजारा लातूर के कुछ भागों में हो जाने की जानकारी रिपोर्टस में दी गई. सोशल मीडिया पर लोगों ने इसके चित्र शेयर किए. 4-5 साल में ऐसा मौसम आता है कि विदर्भ और मराठवाडा में मार्च- अप्रैल में न केवल बेमौसम बरसात होती है. बल्कि ओले भी गिरते हैं. इस बीच लातूर से अप्रिय घटना के समाचार नहीं है.





