पोटे आर्च. कॉलेज में हुआ ज्ञानवर्धक संवाद

‘लैंडस्केप आर्किटेक्चर’ विषय पर दी गई जानकारी

अमरावती/दि.18 – पी. आर. पोटे पाटील कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर में ‘लैंडस्केप आर्किटेक्चर’ विषय पर एक बेहद शानदार ज्ञानवर्धक संवाद कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया. इस अवसर पर पीएआईडीएस (नागपुर) के प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. सारंग गुर्जर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य संजय देशमुख ने की.
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रा. राम विघे ने प्रस्तावना रखते हुए आधुनिक वास्तुकला में लैंडस्केप आर्किटेक्चर के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का संरक्षण और संतुलित नियोजन अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहकर पर्यावरणीय संतुलन और शाश्वत विकास की दिशा में भी कार्य करें. इसके पश्चात आर्किटेक्ट रेणुका ने लैंडस्केप आर्किटेक्चर की मूल अवधारणा, इसके अध्ययन, शहर नियोजन, ऐतिहासिक महत्व तथा प्रकृति और निर्माण के संतुलन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया.
मुख्य वक्ता डॉ. सारंग गुर्जर ने अपने संबोधन में लैंडस्केप आर्किटेक्चर की व्यापकता, करियर के अवसर तथा इसके व्यावहारिक पक्षों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शहरी नियोजन, उद्यानों, सार्वजनिक स्थलों, जल संरक्षण और जैव विविधता के संतुलन में इस विषय की महत्वपूर्ण भूमिका है. साथ ही उन्होंने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में इसकी उपयोगिता को उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया. उन्होंने विभिन्न सफल प्रोजेक्ट्स के उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव की जानकारी दी और बताया कि सही डिजाइनिंग से परियोजनाओं के परिणामों में सकारात्मक बदलाव आता है. साथ ही उन्होंने सजावटी पौधों के चयन, पत्थरों के उपयोग से जलधारा निर्माण और प्राकृतिक ध्वनियों के महत्व पर भी प्रकाश डाला.
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संवादात्मक शैली में विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया. इस अवसर पर प्रा. निखिल वासाडे (अकादमिक डीन), पीएआईडीएस नागपुर की छात्राएं रेणुका व गार्गी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई तथा उन्हें इस क्षेत्र में करियर के नए अवसरों की प्रेरणा मिली. आयोजन के लिए महाविद्यालय की सर्वत्र सराहना की जा रही है.

Back to top button