‘मैगी हाऊस’ की आड में ‘एमके’ कर रहा था एमडी ड्रग्ज की ‘बंपर सेल’
10 स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के नाम आए सामने, अपराध दर्ज, तलाश जारी

अमरावती /दि.19 – शहर पुलिस की अपराध शाखा ने बडनेरा रोड से साईनगर की ओर जानेवाले रास्ते पर स्थित एक कैंटींन पर विगत मंगलवार को छापामार कार्रवाई करते हुए 23.530 ग्राम एमडी ड्रग्ज जब्त की और इस मामले में महेश राजू खोडे (27, समर्थ वाडी, साईनगर) को गिरफ्तार भी किया. पता चला है कि, ‘एमके’ नाम से मशहूर महेश खोंडे अपने इस ‘मैगी हाऊस’ की आड लेकर विगत एक साल से एमडी ड्रग्ज की बिक्री का धंधा चला रहा था और उसकी यह कैंटींग पूरी रात चला करती थी. जिसने पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद शहर में एमडी ड्रग्ज नामक जहर की आपूर्ति करनेवाले 10 स्थानीय लोगों के नाम भी बताए है. जिसमें से फरार रहनेवाले कुछ लोगों की पुलिस द्वारा अब सरगर्मी के साथ तलाश की जा रही है.
* छायानगर व गवलीपुरा बने एमडी ड्रग्ज तस्करी के मुख्य केंद्र
एमडी ड्रग्ज तस्करी की काली दुनिया में ‘एमके’ के कोड नेम से पहचाने जानेवाले महेश खोडे के मोबाइल से हुए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए एमडी ड्रग्ज की आपूर्ति करनेवाले 10 लोगों के नाम उजागर हुए है. जिनके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में 17 मार्च की रात 11.40 बजे के आसपास एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया गया. हिरासत में लिए जाने के बाद जांच व पुछताछ के दौरान महेश खोडे ने एमडी ड्रग्ज तस्करी के काले धंधे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि, वह जिन लोगों के संपर्क में था और जिन से ड्रग्ज की खरीदी किया करता था, उन 10 लोगों में से 8 लोग गवलीपुरा, छायानगर व नागपुरी गेट क्षेत्र के निवासी है. जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि, नागपुरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत गवलीपुरा व छायानगर परिसर अब एमडी ड्रग्ज की खरीदी-बिक्री का मुख्य अड्डा बन चुका है, जहां बडे पैमाने पर एमडी ड्रग्ज की सप्लाई चेन सक्रिय है और इन्हीं दो इलाकों से शहर के अन्य क्षेत्रों में एमडी ड्रग्ज की आपूर्ति की जाती है.
* इन 10 लोगों के नाम आए सामने
महेश खोडे को हिरासत में लिए जाने के बाद की गई पूछताछ के जरिए कुल 10 लोगों के नाम सामने आए है. जिसमें से गवलीपुरा निवासी शेख रहिम हुंगा और उसका बेटा शेख नाजीम शेख रहिम हुंगा इस समय 2 किलो एमडी ड्रग्ज तस्करी के मामले में जेल में बंद है. इसके अलावा महेश खोडे को एमडी ड्रग्ज की आपूर्ति करनेवालों में शेख फहीम उर्फ सोनू शेख रहिम, शेख नईम उर्फ राजा शेख रहिम, मोहम्मद अमीर कुरैशी, मो. समीर मो. अमीर कुरैशी, आकिब जावेद मो. आसीफ कुरैशी, गोलू अहमद आरिफ अहमद कुरैशी (सभी गवलीपुरा निवासी), शेख मोहसीन शेख सलिम (पठान चौक) व सोहेल फिरोज खान सहित साहिल राजेश मेहरा (अकोली) व अशोक पंजाब वालके (गोपाल नगर) का समावेश है. खास बात यह है कि, गवलीपुरा, पठान चौक, छाया नगर परिसर से वास्ता रखनेवाले सभी आरोपी इससे पहले ड्रग्ज तस्करी में पकडे गए शेख रहिम हुंगा के ही परिवार एवं रिश्तेदारी से वास्ता रखते है.
* ऐसे हुई कार्रवाई
शहर पुलिस की अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण की टीम को विगत 17 मार्च को साईनगर परिसर स्थित कैंटींन की आड लेकर एमडी ड्रग्ज की बिक्री होने की जानकारी मिली थी. जिसके आधार पर अप्सरा बार के पीछे से साईनगर की ओर जानेवाले रास्ते पर स्थित कैंटींन में जाल बिछाकर अपराध शाखा की टीम ने महेश राजू खोडे को अपनी हिरासत में लिया था. जिसके पास से 23.530 ग्राम एमडी पाउडर तथा 70 हजार रुपए के मूल्य वाला आयफोन ऐसे कुल 4 लाख 22 हजार 950 रुपयों का माल भी जब्त किया था.





