मेलघाट में बारिश के साथ ओलावृष्टि, चांदूर रेलवे में गाज गिरी
बोदू, लाखेवाडा परिसर समेत चुरणी परिसर में बारिश

चिखलदरा/दि.19 – मौसम विभाग द्बारा दर्शाए गए अनुमान के मुताबिक 17 मार्च से विदर्भ में बारिश की चेतावनी दी गई थी. इस चेतावनी के बाद मेलघाट में बुधवार की शाम चिखलदरा तहसील के मध्यप्रदेश की सीमा सहित बोदू और लाखेवाडा परिसर में जोरदार बारिश और ओलावृष्टि होने की प्राथमिक जानकारी सामने आयी है. निसर्ग के इस प्रकोप के कारण आदिवासी किसान संकट में आ गए हैं.
तहसील के बहुल और सीमावर्ती क्षेत्र में बुधवार की शाम अचानक वातावरण में बदलाव आ गया. दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गए और कुछ ही समय में बिजली की कडकडाहट के साथ बारिश की शुरूआत हो गई. बोदू, लाखेवाडा जैसे गांव में बारिश के साथ ओले गिरने से परिसर की फसलों का नुकसान होने का अनुमान दर्शाया जा रहा हैं. साथ ही चुरणी समेत आसपास के परिसर में भी बुधवार की शाम जोरदार बारिश हुई. अचानक हुई इस बारिश के कारण नागरिक परेशान हो गए.चिखलदरा के तहसीलदार जीवन मोराणकर ने सीमावर्ती क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि के कारण परिस्थिति कैसी है, इस बाबत समीक्षा लिए जाने की बात स्पष्ट की. मार्च माह में हुई इस बेमौसम बारिश के कारण रबी सत्र की फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना व्यक्त की जा रही हैं. राजस्व विभाग अब इस क्षेत्र के नुकसान का प्राथमिक अनुमान लेने की तैयारी में हैं.
* गढचिरोली में तेज हवाओं के साथ बारिश
जिले में मंगलवार की मध्यरात्रि को तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश से किसान परेशान हो गए. इस बेमौसम बारिश के कारण कटाई पर आई फसल गिली हो जाने से और मका कि फसल जमींदोज हो जाने से उत्पादन पर बडा संकट आन पडा हैं. जिले में फिलहाल उडद, मूंग, चना और गेहूं आदि फसलों की कटाई अंतिम चरण में हैं. अनेक स्थानोंं पर फसलों की कटाई करने के बाद खेत में ही ढेर लगाकर रखे गए थे. लेकिन अचानक हुई बारिश के कारण यह फसल पूरी तरह गिली हो गई. इस कारण अनाज का दर्जा कमजोर होने से बाजार मूल्य में कमी आने का भय व्यक्त किया जा रहा हैं. विशेष रूप से आरमोरी, अहेरी और चामोर्शी तहसील में बारिश जोरदार थी. सूर्यडोंगरी, आकापुर और तीताली परिसर में भी मके की खडी फसल जमींदोज हो गई. अंतिम चरण में इस बेमौसम बारिश से फसले नष्ट होने के कारण किसानों की आंखे भर आई हैं.
* चांदूर रेलवे में मध्यरात्रि को गाज गिरी
चांदूर रेलवे शहर में मंगलवार 17 मार्च की मध्यरात्रि को 12.30 बजे के दौरान बिजली की कडकडाहट के साथ बेमौसम बारिश की शुरूआत हो गई. इस दौरान चांदूर रेलवे शहर के पुरानी बस्ती के सरकार दवाखाना के पास पूर्व पार्षद सुनील राउत के घर से सटकर स्थित नारियल के पेड पर गाज गिर गई. इस घटना में पेड जलकर राख हो गया. भाग्यवश कोई जीवितहानी नहीं हुई. लेकिन गाज गिरने से परिसर के नागरिकों में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया था. नगरसेवक हर्षल वाघ, नगर परिषद उपाध्यक्ष बच्चू वानरे, नगरसेवक गजानन ठाकरे ने घटनास्थल भेंट दी और अग्निशमन दल को बुलाया गया. इस दौरान परिसर के नागरिकों ने भागदौड कर आग को बुझाने का प्रयास किया. नगर परिषद के अग्निशमन दल के जवानों ने अथक प्रयास कर आग को काबू में किया.





