बुधवारा के हनुमान मंदिर में शुरु हुआ अखंड रामायण का पाठ

हनुमान जन्मोत्सव के निमित्य चल रहा विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन

अमरावती/दि.20 – शहर के बुधवारा परिसर स्थित सार्वजनिक श्री हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है. स्थानीय आजाद हिंद मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत गत रोज गुढीपाडवा के पर्व से अखंड रामायण पाठ के साथ की गई है, जो हनुमान जन्मोत्सव तक निरंतर जारी रहेगा. इस उपक्रम के तहत अखंड रामायण पाठ का वाचन श्री कुंदन महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं.
बता दें कि, बुधवारा परिसर स्थित हनुमान मंदिर संस्थान में आगामी 26 मार्च को श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. इस अवसर पर परिहार महिला भजनी मंडल द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे. साथ ही 31 मार्च से 3 अप्रैल तक हनुमान जन्मोत्सव निमित्य विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिसके तहत 31 मार्च व 1 अप्रैल को शाम 7:30 बजे ह.भ.प. रविंद्र महाराज बालापुरे द्वारा वारकरी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा तथा 1 अप्रैल रात्रि 11:00 बजे सतीश श्रीवास एवं उनके साथियों द्वारा संगीतमय तुलसी रामायण (सुंदरकांड) की प्रस्तुति दी जाएगी. इसके उपरांत 2 अप्रैल प्रातः 5:00 बजे ह.भ.प. डॉ. श्रीकृष्णराव जिरापुरे द्वारा हनुमान जन्मोत्सव विशेष कीर्तन किया जाएगा और शाम 7:30 बजे प्रसिद्ध गायक आशुतोष देशपांडे, मधुसूदन वटक एवं उनके साथियों द्वारा भक्ति संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा. पश्चात 3 अप्रैल को शाम 6:00 बजे गोपालकाला कीर्तन का आयोजन होगा एवं शाम 7:30 बजे कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा.
उक्ताशय की जानकारी देते हुए मंदिर ट्रस्ट एवं आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है. गुढीपाडवा से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन हनुमान जन्मोत्सव तक निरंतर भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण बनाए रखेगा, जिसमें शहरभर के श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिलेगी.

Back to top button