जय झूलेलाल के जयघोष से गूंज उठा बडनेरा शहर
जयंती पर सांस्कृतिक उत्सव और भव्य शोभायात्रा

अमरावती/दि.21 – भगवान झूलेलाल जयंती के अवसर पर बडनेरा शहर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया. जय झूलेलाल के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा और सिंधी समाज के उत्साहपूर्ण सहभाग से वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बन गया.
जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. पाककला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों का नेतृत्व रोशनी मेघवानी ने किया, जिनके मार्गदर्शन में सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए. युवाओं ने भी उत्साह के साथ भव्य बाइक रैली निकाली, जिसे शहरवासियों का भरपूर प्रतिसाद मिला. शहर के विभिन्न मार्गों से निकली इस रैली ने जयंती के उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया. सायंकाल भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के साथ पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह का प्रदर्शन किया. बाइक रैली के समापन अवसर पर युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा मुख्य रूप से उपस्थित रहे. वहीं, प्रभाग क्रमांक 22 के नगरसेवक किशोर जाधव एवं गौरी मेघवानी के हाथों भगवान झूलेलाल की प्रतिमा का पूजन किया गया. इन सभी कार्यक्रमों में सिंधी समाज के लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही. सैकड़ों नागरिकों की मौजूदगी में यह आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.





