भातकुली की शिक्षक कॉलोनी में घरफोडी
लाखों के सामान की चोरी

अमरावती /दि.23 – समीपस्थ भातकुली शहर स्थित शिक्षक कॉलोनी के एक घर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाते हुए लाखों रुपयों के सामान पर हाथ साफ कर दिया. यह घटना 22 मार्च को घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक शिक्षक कॉलोनी निवासी बबन कदम (66) विगत कुछ समय से बीमार रहने के चलते पिछले तीन दिनों से इलाज हेतु नागपुर में रह रहे है और उनके घर पर कोई भी नहीं है. इस बात का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोडकर अलमारी में रखे नगद रकम व सोने-चांदी के गहने सहित घर में रखे एलसीडी टीवी व गैस सिगडी के साथ ही कई उपयोगी साजो-सामान को चुरा लिया. चूंकि घर में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं है, जिसके चलते चुराए गए साजो-सामान की कथित कीमत का आंकडा ज्ञात नहीं हो सका है. हालांकि अनुमान के मुताबिक लाखों रुपयों की चोरी हुई है. इस घटना की जानकारी आस-पडोस में रहनेवाले लोगों द्वारा भातकुली पुलिस को दी गई. जिसके आधार पर भातकुली पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज करते हुए जांच करनी शुरु की है. जिसके तहत मौके पर डॉग स्क्वॉड व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया था.





