सरकार कर रही केवल घोषणाएं
कमर्शियल सिलेंडर नहीं होने से होटल व्यवसाय खतरे में

* प्रसंगों के ऑर्डर करने पड रहे कैंसल
* 20 प्रतिशत आपूर्ति का भी अब तक कोई सर्कूलर नहीं पहुंचा
अमरावती /दि.23- खाडी युद्ध के कारण बंद की गई कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई से समस्त भारत की तरह अमरावती में भी होटल व्यवसाय खतरे में पड गया है. सिलेंडर संकट का तीसरा सप्ताह शुरु हो गया और सरकार ने आज 20 प्रतिशत सप्लाई की घोषणा की. उसका आज दोपहर तक अमरावती प्रशासन और तेल कंपनियों के पास सर्कूलर नहीं पहुंचने का दावा किया गया. उसी प्रकार अमरावती में होटल, रेस्तरां में लिये गये प्रसंगों के ऑर्डर्स कैसल करने की नौबत आने की जानकारी होटल संचालकों ने दी. वहीं कुछ जानकारों ने अमरावती मंडल को बताया कि, कल तक सरकार की नई घोषणाएं क्रियान्वित होने की उन्हें आशा है.
* व्यवसाय अब धराशाही होने की कगार पर
इस बीच अमरावती में होटल, कैटरिंग व्यवसाय अब धराशाही होने की कगार पर आ गया है. सरकार की नीतियों की चौतरफा आलोचना हो रही है. कमर्शियल सिलेंडर पर पहले रेट बढाने और उसके बाद सप्लाय पूरी तरह रोक देने से आया संकट तीसरे सप्ताह में पहुंच गया. फलस्वरुप मेनू कम करने के बाद भी अब होटल्स, स्टॉल्स बंद करने की नौबत आ गई है. जिससे हजारों के बेरोजगार हो जाने की आशंका बढ गई है.

* गैस की भारी कमी, सरकार की असफलता
शहर के प्रसिद्ध होटल कारोबारी नितिन देशमुख ने कहा कि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए लोगों को सबेरे 5 बजे जागकर कतारों में लगना पड रहा है. जिससे स्पष्ट है कि, रसोई गैस की भारी कमी है. सरकार महज घोषणाएं कर रही है. तीन सप्ताह बीत गये. कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद कर देने से होटल, रेस्टारेंट का बिजनेस संकट में आ गया है. इस ओर सरकार ध्यान नहीं दे रही. अब आज 20 प्रतिशत सप्लाई देने की घोषणा हुई है. यहां तेल कंपनियों तथा गैस एजेंसियों से बात करें, तो वे अभी भी कुछ नहीं बोल रहे. नितिन देशमुख ने कहा कि, सिलेंडर नहीं होने से भोजन बनाने की प्रक्रिया संकट में आ गई है. उन्होंने इसे सरकार की बडी असफलता बताया.

* अब तक सर्कूलर नहीं, आधा लोड ही मिल रहा
शहर के प्रसिद्ध रसोई गैस कारोबारी, राजेश गैस एजेंसी के संचालक राजेश डागा ने कहा कि, कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई के विषय में अब तक कोई नया शासनादेश प्राप्त नहीं हुआ है. आज-कल में मिले तो बात अलग है. उन्होंने बताया कि, एलपीजी गैस सिलेंडर के ही सप्लाई प्रभावित हो रखी है. एक लोड मंगाये तो आधा लोड कंपनी से उपलब्ध हो पा रहा है. ऐसे में लोगों को गैस सिलेंडर कहां से दें. साथ ही डागा ने मान्य किया कि, पैनिक की वजह से लोगों ने बडी संख्या में अग्रीम बुकिंग करवा ली थी. जिससे भी तीनों प्रमुख कंपनियों पर सप्लाई लोड बढा था. उन्होंने बताया कि, एक लोड अर्थात 525-560 क्षमता के सिलेंडर का ट्रक.
* होटल बिजनेस संकट में
होटल रामगिरी के संचालक और अमरावती होटल-लॉजिंग एसो. के उपाध्यक्ष मनोज जायस्वाल ने कहा कि, कमर्शियल नहीं मिलने से होटल बिजनेस का संकट गहरा गया है. अब तक किसी तरह काम चलाया गया. आगे मुश्किल बढने की आशंका जायस्वाल ने व्यक्त की. उन्होंने कहा कि, गैस भट्टी और अन्य साधनों का इस्तेमाल जोखिमभरा होने से वह पर्याय अपनाने पर बहुत विचार करना पड रहा है. निश्चित ही और कुछ दिन कमर्शियल सिलेंडर प्राप्त न होने की स्थिति में होटल बिजनेस खतरे में आ जाएगा.





