विजया स्कूल फॉर एक्सलेंस में ‘भगवत गीता क्वेस्ट’ का सफल आयोजन

अमरावती/दि.24 – स्थानीय विजया स्कूल फॉर एक्सलेंस में पहली बार ‘भगवत गीता क्वेस्ट’ का भव्य एवं ज्ञानवर्धक आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम संचालक दिग्विजय देशमुख एवं प्राचार्या पद्मश्री देशमुख के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न रोचक राउंड्स के माध्यम से भगवद गीता के ज्ञान, आत्मविश्वास और समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. उनके सक्रिय सहभाग से सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रति उनकी रुचि और समर्पण स्पष्ट रुप से दिखाई दिया.
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को पांच टीमों, टीम युधिष्ठिर, टीम अर्जुन, टीम भीम, टीम नकुल और टीम सहदेव में विभाजित किया गया. जिससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना. सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए पदकों से सम्मानित किया गया. टीम अर्जुन विजेता रही, जिसे ट्रॉफी और पवित्र ग्रंथ ‘रामायण’ प्रदान किया गया.
अभिभावकों ने इस सार्थक पहल की सराहना करते हुए विद्यालय के मूल्य आधारित शिक्षा के प्रयासों की प्रशंसा की. इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और दर्शन से जुडने के लिए प्रेरित किया. ‘भगवत गीता क्वेस्ट’ का सफल आयोजन विद्यालय की समग्र विकास एवं नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और यह सभी के लिए एक यादगार अनुभव रहा.