मिनी मंत्रालय का 40 करोड का बजट पेश
पिछले साल की तुलना में थोडी बढोत्तरी

* प्रशासक, सीईओ संजीता महापात्रा द्बारा सतत तीसरे वर्ष प्रस्तुति
* कुछ मदों का खर्च घटाया तो अनेक ने बढाए गये प्रावधान
* किसानों का प्रशिक्षण टूर खर्च 5 गुना बढाया
* झेडपी शालाओं के बच्चे जायेंगे नासा ट्रीप पर
अमरावती/ दि.24 – जिला परिषद अर्थात मिनी मंत्रालय की प्रशासक तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजीता महापात्रा ने आज सतत तीसरी बार अर्थ संकल्प प्रस्तुत किया. 39 करोड 99 लाख के अर्थ संकल्प में कुछ मदों में खर्च कम किया गया तो अधिकांश हेड में खर्च न केवल बढाए गये हैं. अपितु सीईओ महापात्रा ने इस वर्ष भी नाविन्यपूर्ण उपक्रम जारी रखते हुए अब जिला परिषद शालाओं के होनहार विद्यार्थियों को अमेरिका के अंतरिक्ष अनुसंधान केन्द्र नासा की सफर करवाने का मानस व्यक्त किया. उसी प्रकार खेती किसानी की बेहतर नॉलेज के लिए देहातों के सैकडों किसानों को देश में ही उन्नत खेती के प्रशिक्षण और प्रत्यक्ष जानकारी के लिए यात्रा हेतु खर्च 5 गुना बढा दिया. जलापूर्ति से लेकर स्वास्थ्य, सिंचाई, कृषि, महिला बाल कल्याण के लिए आवंटन बढाए गये हैं. वहीं शिक्षा, निर्माण, पिछडा वर्ग कल्याण के लिए प्रावधान पिछले वर्ष की तुलना में कम किए गये हैं. तथापि जिप की शालाओं के उन्नयन सहित विभिन्न निर्माण के लिए डीपीसी से अतिरिक्त निधि आगामी वित्त वर्ष में उपलब्ध करवाने का मानस बजट में व्यक्त किया गया.
जिला परिषद के भाउ साहब पंजाबराव देशमुख सभागार में आज दोपहर ठीक 12 बजे सीईओ संजीता मोहपात्रा ने बजट रखा. इस समय मुख्य लेखा परीक्षक शिल्पा पवार, अतिरिक्त सीईओ, कुलकर्णी, जाधव, गायकवाड और अधिकारी उपस्थित थे. सीईओ मोहपात्रा ने सदन में 2026-27 का 39 करोड 99 लाख 28 हजार 764 का कुल बजट पेश किया. पिछले वर्ष यह आंकडा 37 करोड 25 लाख रहा. स्पष्ट है कि पौने तीन करोड की बढोत्तरी की गई है. पिछडा वर्ग कल्याण हेतु 5 करोड 17 लाख का प्रावधान किया गया है. महिला व बाल कल्याण हेतु 2 करोड 16 लाख, दिव्यांग कल्याण हेतु 1 करोड 45 लाख, कृषि हेतु 1 करोड 54 लाख, शिक्षा हेतु 4 करोड 30 लाख, निर्माण क्षेत्र हेतु 4 करोड 18 लाख, सिंचाई के लिए 4 करोड, स्वास्थ्य के लिए 2 करोड 87 लाख का प्रावधान किया गया है. जलापूर्ति पर जिला परिषद 4 करोड 62 लाख खर्च करेगी. वहीं पशु संवर्धन के लिए 13 लाख बढाते हुए 1 करोड 47 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है.
* ग्राम पंचायतों को मिलेंगे ईनाम
सीईओ मोहपात्रा ने बताया कि जिला परिषद अंतर्गत 841 ग्राम पंचायतें हैं. जिनसे बेहतर नागरी सुविधाओं की सभी को अपेक्षा है. ऐसे में बेहतरीन कार्य करनेवाली पंचायतों को जिला परिषद पुरस्कृत करेगी. पुरस्कार का स्वरूप कोई प्रोजेक्ट भी हो सकता है. उन्होंने बताया कि जिला परिषद की संपूर्ण अचल संपत्ति का पंजीयन कर लिया गया है. कम्प्यूटर निर्र्देश विकसित किए गयें हैं. उन्होंने बताया कि जिप शालाओं को उन्नत किया जायेगा. सांगली जिप पैटर्न लागू होगा. डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होगी. विद्यार्थियों को स्वावलंबी और रोजगारक्षम बनाने प्रशिक्षण व उपाय योजना की जायेगी. सीईओ संजीता मोहपात्रा ने बताया कि मिशन 28 सक्षमीकरण में राज्य रैंकिंग में अमरावती का स्थान बेहतर है.
* मॉडल स्वास्थ्य केन्द्र और ओटी
जिप प्रशासक व सीईओ संजीता मोहपात्रा ने बताया कि बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रत्येक तहसील में एक मॉडल स्वास्थ्य केंद्र और ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने की सोच है. उस दृष्टि से कार्य शुरु है. विशेषकर कुपोषण ग्रस्त मेलघाट की दोनों तहसीलों धारणी व चिखलदरा पर विशेष ध्यान केंद्रीत कर डीपीसी से फंड लेकर मॉडल स्वास्थ्य केंद्र विकासित करने पर जोर रहेगा.
* दिव्यांगों के लिए लगातार शिविर
दिव्यांगों की सुविधार्थ जिप के माध्यम से पूरे वर्ष लगातार शिविर लिए जाएंगे. उनके सभी कागजात अपडेट करने के लिए जिप ने संंबंधित एजेंसी से करार किया है. उसी प्रकार एकल महिलाओं का सर्वे कर उनकी संपूर्ण दस्तावेजी अपडेट 1 वर्ष में पूर्ण कर लेने का प्रावधान बजट में किया गया है.
* पदाधिकारियों के कक्ष, बंगले हेतु 1 करोड
संजीता मोहपात्रा ने बताया कि, इस वर्ष मिनी मंत्रालय के चुनाव होने है. उसके लिए खर्च का प्रावधान बजट में किया गया है. साथ ही आने वाले पदाधिकारियों के निवास अर्थात बंगलों और उनके केबिन की मरम्मत व अन्य कामों के लिए 50-50 लाख अर्थात कुल 1 करोड खर्च का प्रावधान उनके बजट में है.
* कई नई योजनाएं
जिप सीईओ के रुप में सतत तीसरी बार अर्थसंकल्प प्रस्तुत करते समय बडी प्रसन्न संजीता मोहपात्रा ने दावा किया कि, इस बार भी मिनी मंत्रालय कई नई योजनाएं लेकर आया है और उसे आगामी वर्ष में यहां क्रियान्वित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि, जिला परिषद के स्कूलों का स्तर बेहतर हुआ है और इस वर्ष 35 विद्यार्थियों का नवोदय हेतु चयन किया गया है. यह बहुत ही बडी सफलता आपने बतायी.





