अमरावती शहर पुलिस ने तोडी ड्रग्ज माफिया की कमर
विधायक रवि राणा ने सदन में की पुलिस की तारीफ

* सीपी राकेश ओला व क्राईम ब्रांच को बताया अभिनंदन का पात्र
* सीएम फडणवीस का भी गंभीरता दिखाने हेतु जताया आभार
अमरावती/मुंबई/दि.24 – विगत लंबे समय से अमरावती शहर में एमडी ड्रग्ज तस्करी व बिक्री की समस्या बनी हुई थी. जिसके खिलाफ अमरावती शहर पुलिस ने बेहद सख्त भूमिका अपनाते हुए जबरदस्त मोर्चा खोला. जिसके चलते अब एमडी ड्रग्ज तस्करों की अमरावती शहर पुलिस ने कमर तोडकर रख दी है. जिसके लिए अमरावती शहर के पुलिस आयुक्त राकेश ओला एवं अमरावती शहर पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारी व कर्मचारी प्रशंसा के पात्र है, इस आशय का प्रतिपादन बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा ने आज राज्य विधान मंडल के जारी बजट सत्र दौरान विधानसभा में किया. साथ ही ड्रग्ज तस्करी जैसी समस्या को लेकर व्यक्तिगत स्तर पर ध्यान देने हेतु राज्य के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रति आभार भी ज्ञापित किया.
आज विधानसभा में एमडी ड्रग्ज तस्करी से संबंधित मुद्दा उठाते हुए विधायक रवि राणा ने कहा कि, अमरावती में विगत कुछ समय से नशे के कारोबारियों ने अपना जबरदस्त नेटवर्क और व्यवसाय जमा लिया है तथा कई रिहायशी इलाकों में एमडी ड्रग्ज जैसे जहरिले नशे के बिक्री केंद्र भी खुल गए है. जिसके चलते शहर के कई युवा नशे का शिकार हो रहे है, इस बात को ध्यान में रखते हुए खुद उन्होंने सीएम फडणवीस से इस बारे में बात की थी और उन्हें पूरी समस्या से अवगत कराया था. जिसके बाद सीएम फडणवीस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अमरावती शहर पुलिस को खुली कार्रवाई करने की छूट दी थी और फिर अमरावती शहर के पुलिस आयुक्त राकेश ओला व अपराध शाखा के अधिकारियों ने ड्रग्ज तस्करों के खिलाफ जबरदस्त मोर्चा खोलते हुए एक के बाद एक कई धडाधड कार्रवाईयां की. साथ ही नशे के कारोबारियों की कमर तोडकर रख दी. जिसके लिए सीएम देवेंद्र फडणवीस सहित अमरावती के पुलिस आयुक्त राकेश ओला तथा अपराध शाखा के अधिकारी व कर्मचारी बधाई एवं अभिनंदन के पात्र है. इस समय विधायक रवि राणा ने यह मुद्दा भी उठाया कि, अमरावती सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र में मुंबई के डोंगरी परिसर से एमडी ड्रग्ज की खेप को भेजने का काम किया जा रहा है. ऐसे में बेहद जरुरी है कि, एमडी ड्रग्ज तस्करी के मुख्य अड्डे को ही नष्ट किया जाए.





