शहर सहित जिले के कई पेट्रोल पंप हुए ‘ड्राय’

सप्लाय कम होने से स्टॉक हुआ खत्म

* डिपो से हो रही 50 फीसद आपूर्ति
* अफवाहों के चलते मांग भी अचानक बढी
* कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से लगी लंबी कतारें
अमरावती/ दि.25- अमरावती शहर सहित जिले में उस समय अच्छा खासा हडकंप मच गया. जब एक ओर तो सभी पेट्रोल पंपों पर अपने-अपने वाहनों में पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु वाहन धारकों की लंबी-लंबी कतारे लगी हुई थी. वही दूसरी ओर शहर सहित जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल का स्टॉक ही खत्म हो चुका था. जिसके चलते कई पेट्रोल पंप ‘ड्राय’ होकर बंद कर दिए गये थे. जिसकी वजह से पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु कई वाहन चालकों को एक पंप से दूसरे पंप पर चक्कर काटने पड रहे थे.
जानकारी के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की डिपो से होनेवाली सप्लाई ही घट जाने के चलते अमरावती शहर सहित जिले में आज करीब 70 से 80 पेट्रोल पंप ‘ड्राय’ रहे. पता चला कि अमरावती जिले में रोजाना 150 से 170 टैंकर पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति होती है और प्रत्येक टैंकर में 12 हजार लीटर पेट्रोल या डीजल भरा रहता है. परंतु पिछले 4-5 दिनों से नायगांव स्थित डिपो से होनेवाली सप्लाय को घटाकर आधा कर दिया गया है. वही दूसरी ओर पेट्रोल व डीजल की आगे चलकर होनेवाली संभावित किल्लत को ध्यान में रखते हुए लोगबाग अपने अन्य सभी जरूरी कामों को छोडकर अपने वाहनों में पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे तथा अपना नंबर आते ही अपने वाहनों का टैंक फुल कर करवा रहे हैं. जिसके चलते पेट्रोल व डीजल की मांग में अचानक ही जबर्दस्त वृध्दि हो गई है. ऐसे में सप्लाय कम रहने और विक्री जमकर होने के चलते कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल का स्टाक देखते ही देखते खत्म हो गया और कई पेट्रोल पंप पूरी तरह से ड्राय हो गये.
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि इससे पहले पेट्रोल पंप संचालकों द्बारा टैंकर के लिए पैसे भरने के तुरंत बाद उनके पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल से भरे हुए टैंकर पहुंचा जाया करते थे. लेकिन इस समय चालान और पैसे भरने के बाद अगले दो तीन दिन तक टैंकर नहीं आ रहे. साथ ही डिमांड की तुलना में सप्लाय भी आधी हो रही है. जबकि पेट्रोल पंपों पर होनेवाली पेट्रोल व डीजल की विक्री में जबर्दस्त उछाल देखा जा रहा है. ऐसे में मांग और आपूर्ति का समीकरण गडबढाने की वजह से कई पेट्रोल पंपों पर देखते ही देखते पेट्रोल व डीजल का स्टाक खत्म हो रहा है.
सूत्रों के मुताबिक भारत पेट्रोलियम व हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल व डीजल की सर्वाधिक किल्लत देखी जा रही है. वही नायगांव व रिलायंस की भी सप्लाय घटकर आधी हो गई है. जबकि इंडियन आइल की सप्लाय अभी काफी हद तक ठीकठाक है. ऐसे में प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियों की आपूर्ति का काम गडबडा जाने की वजह से शहर सहित जिले में कई पेट्रोल पंप ड्राय हो चुके है और स्टाक खत्म हो जाने की वजह से उन्हें अचानक ही बंद कर दिया गया है.
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि पिछले 4-5 दिनों से पेट्रेाल की संभावित किल्लत को लेकर जबर्दस्त अफवाहें चल रही है. जिसके चलते लोगबाग अपने-अपने वाहनों के टेंक फुल करवाने हेतु पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं. यदि यही स्थिति बनी रही तो आनेवाले दिनों के दौरान पेट्रोल व डीजल को लेकर स्थिति और भी विकट हो सकती है तथा दिक्कतें भी बढ सकती है. ज्ञात रहे कि इस समय पश्चिम एशिया में चल रहे तनावपूर्ण हालात के चलते पूरी दुनिया में कच्चे तेल की आपूर्ति का काम प्रभावित हुआ है. जिससे भारत भी अछूता नहीं है और अब देश में भी एलपीजी गैस सहित पेट्रोल व डिजल जैसे पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और आपूर्ति प्रभावित होने लगी है. जिसका असर अब धीरे- धीरे अमरावती जैसे शहरों पर भी दिखाई देने लगा है.
बॉक्स, फोटो- भारत मोरे
सप्लाय आधा हो जाने से हो रही दिक्कत
अमरावती पेट्रोल डीलर्स असोसिएशन के अध्यक्ष भारत मोरे ने दैनिक अमरावती मंडल के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए बताया कि इस समय जहां एक ओर नागरिकों में पेट्रोल व डीजल की मांग में जबर्दस्त इजाफा हुआ है. वही दूसरी ओर डिपो से पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति घटकर आधी रह गई है. यही वजह है कि पेट्रोल पंपों व टैंकरों के जरिए पहुंचनेवाला पेट्रोल व डीजल का पूरा स्टाक देखते ही देखते खत्म हो रहा है. साथ ही मोरे ने यह दावा भी किया कि नायगांव स्थित डिपो से पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति लगातार जारी है.
बॉक्स, फोटो- सौरभ जगताप
स्टाक अभी भी भरपूर, घबराने की जरूरत नहीं
वहीं दूसरी ओर अमरावती पेट्रोल पंप डीलर्स असोसिएशन के सचिव सौरभ जगताप ने बताया कि जिले के 200 पेट्रोल पंपों पर अब भी बीपीसीएल का 400 किलोलीटर पेट्रोल व 450 किलोलीटर डीजल का स्टाक है. साथ ही एचपीसीएल व आयओसीएल का स्टाक भी संतोषजनक है. परंतु इसके बावजूद पिछले तीन दिनों से लोगों में पैनिक वाली स्थिति है. जिसके चलते लोगबाग पेट्रोल व डीजल की बेतहाशा खरीदी करते हुए उसका स्टाक कर रहे हैं. जिसका सीधा असर पेट्रोल पंपों पर स्टाक खत्म होने के तौर पर दिखाई दे रहा है. सौरभ जगताप ने यह भी कहा कि सप्लाय में कमी रहने के बावजूद चरणबध्द तरीके से सप्लाय शुरू है. जिसके चलते सभी पेट्रोल पंप संचालको को माल के आने का इंतजार है.

Back to top button