हिंगोली में बैठक के दौरान भड़के विधायक संतोष बांगर

सीईओ से बोले- ‘आप नौकर हैं, नौकरों की तरह व्यवहार करें’

हिंगोली/दि.15 – अपने बयानों और आक्रामक तेवरों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संतोष बांगर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. जिला नियोजन समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग में तबादलों के मुद्दे को लेकर उनकी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के साथ तीखी बहस हो गई. बैठक के दौरान तबादलों के मुद्दे पर नाराज विधायक बांगर ने अधिकारी को कड़े शब्दों में फटकार लगाई. उन्होंने कहा, आप नौकर हैं, इसलिए नौकरों की तरह व्यवहार करें. बांगर के इस बयान से बैठक का माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया.
विधायक संतोष बांगर इससे पहले भी अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं. कुछ महीने पहले नांदेड में शिवसेना शिंदे गुट की समीक्षा बैठक में उन्होंने महायुति सरकार के कामकाज को लेकर भी नाराजगी जाहिर की थी. सांसद श्रीकांत शिंदे, मंत्री उदय सामंत और मंत्री गुलाबराव पाटील की मौजूदगी में बांगर ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं खुलकर रखी थीं. उन्होंने उस समय सत्ता में आने के बाद कुछ मंत्रियों पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि ऐसे मंत्रियों को पहले घर बैठाया जाना चाहिए. उनके इस बयान से बैठक में माहौल काफी गर्म हो गया था.
जून में भी बांगर ने ऑपरेशन टाइगर सफल हुआ है, अब ऑपरेशन टाइगर-2 भी होगा जैसा बयान देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी. बुलढाणा के विधायक संजय गायकवाड की तरह संतोष बांगर भी अपने बयानों और आक्रामक शैली के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं. हालांकि, विवादों के बावजूद अपने विधानसभा क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और जनता से जुड़ाव कायम होने का दावा उनके समर्थक करते हैं.

Back to top button