देशभक्ति के रंग में रंगी अमरावती, तिरंगा सजावट बनी आकर्षण का केंद्र

ऐतिहासिक जवाहर गेट पर हजारों लोगों की मौजूदगी में भव्य ध्वजारोहण,

* कांग्रेस कमेटी और विलास इंगोले मित्र परिवार के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
अमरावती/दि.15 – देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमरावती के ऐतिहासिक जवाहर गेट पर शुक्रवार सुबह आयोजित भव्य ध्वजारोहण समारोह में हजारों नागरिकों की उपस्थिति ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया. अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी तथा विलास इंगोले मित्र परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न समाजों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. सुबह 9 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में ऐतिहासिक जवाहर गेट परिसर तिरंगों, देशभक्ति गीतों और राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंज उठा. हजारों नागरिकों की मौजूदगी ने समारोह को शहर के सबसे बड़े स्वतंत्रता दिवस आयोजनों में शामिल कर दिया.
समारोह में अमरावती सांसद बलवंत वानखड़े, पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत, मनपा में विपक्ष के नेता विलास इंगोले, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, प्रदेश महासचिव किशोर बोरकर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखड़े, प्रदेश सचिव हाजी नजीर खान बी.के., युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलेश गुहे, युवक कांग्रेस अमरावती विधानसभा अध्यक्ष वैभव देशमुख तथा एनएसयूआई शहर अध्यक्ष स्वराज पोटे सहित कांग्रेस और उससे जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित थे. इसके अलावा सेवादल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, ओबीसी, एससी, एसटी, अल्पसंख्यक विभाग और सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की.
इस अवसर पर सांसद बलवंत वानखड़े ने कहा कि जवाहर गेट पर स्वतंत्रता दिवस मनाने की परंपरा अमरावती की ऐतिहासिक पहचान का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर के अनुरूप इतने भव्य आयोजन के लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं. पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेने का अवसर भी है. उन्होंने देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया और लोगों से संविधान की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विलास इंगोले और उनकी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि शहर कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना चाहिए. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ेंगे.
कार्यक्रम के आयोजक एवं मनपा में विपक्ष के नेता विलास इंगोले ने जवाहर गेट पर ध्वजारोहण की ऐतिहासिक परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद 15 अगस्त 1947 को यहां आयोजित ध्वजारोहण समारोह ने शहर के इतिहास में विशेष स्थान बनाया था. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस निरंतर प्रयासरत है और आने वाले वर्षों में भी इसी भव्यता के साथ यहां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत बनाने तथा जनता के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया.
* समाजसेवा में योगदान देने वालों का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई व्यक्तियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया. सम्मानित होने वालों में पूर्व सैनिक एवं राज्य अध्यक्ष सुभेदार प्रदीप गायकवाड़, अभिनंदन पेंढारी, नजीर खान बी.के., दीपक हुंडीकर, मोहम्मद मुश्ताक भाई, विनोद मोदी, सलीम मिरावाले, वंदना थोरात, अक्रम अली, आनंद दरने, रामेश्वर उपाध्याय, सुरेश महाराज तिवारी, नंदा ताई सोनवणे तथा जुगलकिशोर पटेरिया शामिल थे.


* राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश
हजारों नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न यह आयोजन केवल स्वतंत्रता दिवस समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रभक्ति, लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक समरसता और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजन बन गया. कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को देशभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों से प्रेरित करने का प्रयास किया गया. समारोह के अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया.
* हर ओर बस तिरंगा ही तिरंगा…
इस वर्ष समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण ऐतिहासिक जवाहर गेट की विशेष तिरंगा सजावट रही. जवाहर गेट से लेकर इतवारा बाजार और अंबादेवी क्षेत्र तक पूरे मार्ग को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था. आकर्षक विद्युत रोशनी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के योगदान को दर्शाने वाले फ्लेक्स और सजावटी संरचनाओं ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बड़ी संख्या में फोटो, वीडियो और सेल्फी लेकर इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाया. सुबह से ही जवाहर गेट परिसर में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो कार्यक्रम समाप्त होने तक बनी रही.

Back to top button