जलसंरक्षण और किसानों की मदद सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री दादाजी भुसे का स्वतंत्रता दिवस समारोह में कथन

* संभागीय आयुक्त कार्यालय में हुआ मुख्य ध्वजारोहण समारोह
* 308 करोड़ की किसान कर्जमुक्ति सहायता का उल्लेख
अमरावती/दि.15 – स्वतंत्रता दिवस के मुख्य शासकीय समारोह में ध्वजारोहण के पश्चात राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और जलसंरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने बताया कि पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के अंतर्गत किसानों को 308 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है तथा आगामी समय में भी जलसंरक्षण और किसानों को राहत देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा.
संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में संभागीय आयुक्त नयना गुंडे, विशेष पुलिस महानिरीक्षक डॉ. महेश पाटिल, जिलाधिकारी आशिष येरेकर, पुलिस आयुक्त राकेश ओला तथा जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे.
मंत्री भुसे ने कहा कि जिले में कम वर्षा के कारण संभावित जल संकट से निपटने के लिए विशेष जलसंरक्षण अभियान चलाया जाएगा. साथ ही 21 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री सुधाकरराव नाईक की जयंती पर जलसंरक्षण दिवस मनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा कर्जमुक्त किसानों को फसल ऋण वितरण की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. अब विद्यालयों में राष्ट्रगान के बाद ‘गर्जा महाराष्ट्र माझा’ राज्यगीत का गायन अनिवार्य किया गया है. शिक्षा विभाग में मानव संसाधन की कमी दूर करने के लिए केंद्र प्रमुखों की भर्ती की गई है तथा पवित्र पोर्टल के माध्यम से 30 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने यह भी बताया कि 26 जनवरी को दो करोड़ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक व्यायाम की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज की गई है.
मंत्री भुसे ने जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला नियोजन समिति के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं और ग्रामीण विकास के लिए पर्याप्त निधि उपलब्ध कराई जाएगी. किसानों के खेतों तक पहुंच मार्गों के निर्माण, चिखलदरा को आदर्श पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, स्कायवॉक परियोजना, अमरावती हवाई अड्डे के विस्तार, नाइट लैंडिंग सुविधा तथा पायलट प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं.
इस अवसर पर विशेष पोलिस महानिरीक्षक डॉ. महेश पाटील, उपजिल्हाधिकारी ज्ञानेश्वर घ्यार, विधी अधिकारी नरेंद्र बोहरा, पुलिस उपअधिक्षक तयुब युनुस मुजावर, नागरी हक्क संरक्षण की पोलिस अधीक्षक अनिता पाटील, पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक अनिल काले, पोलिस हवालदार प्रशांत भटकर, त्र्यंबक मनोहर, राजेश पांडे, प्रभाकर बोदडे, हेड कॉन्स्टेबल निलेश अंबर्ते, दिपमाला सालुंखे, अतुल कडू, प्रदिप बद्रे, मिलींद बेलसरे, हरीना नेत्रदान समिती के मनोज राठी, राजेंद्र वर्मा, रामप्रकाश मिश्रा, मुकेश लोहिया, छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सारांश सारडा, गार्गी कुर्‍हाडे और दिया पाटील का सम्मान भी किया गया. समारोह के दौरान जलसंरक्षण, नशामुक्ति, पॉश अधिनियम और साक्षरता की शपथ दिलाई गई तथा जलसंरक्षण अभियान के लोगो का अनावरण भी किया गया.

बच्चों की शिक्षा में कोई समझौता न करें
– मंत्री दादाजी भुसे ने शिक्षकों व शिक्षा विभाग को दिए निर्देश
– मेधावी छात्राओं के लिए एक लाख रुपये प्रोत्साहन निधि की घोषणा
– जिप कन्या विद्यालय में छात्राओं ने प्रस्तुत की आकर्षक देशभक्ति कवायदें
मुख्य शासकीय कार्यक्रम के बाद स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने शहर के जिला परिषद कन्या विद्यालय का दौरा किया. इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं. जीवन की अन्य आवश्यकताओं में समझौता किया जा सकता है, लेकिन बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. अभिभावकों को अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशिष येरेकर, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय ठमके, प्राथमिक शिक्षा अधिकारी सिद्धेश्वर कालुसे, माध्यमिक शिक्षा अधिकारी प्रिया देशमुख तथा विद्यालय के मुख्याध्यापक बालकृष्ण आंधले उपस्थित थे.
मंत्री भुसे ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्राओं को आत्मरक्षा और सैन्य प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है. उन्होंने विद्यालय की आवश्यक सुविधाओं के लिए शासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया. उन्होंने घोषणा की कि विद्यालय में प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से एक लाख रुपये की प्रोत्साहन निधि उपलब्ध कराई जाएगी.
कार्यक्रम में छात्राओं ने ‘बलसागर भारत होवो’, ‘मेरा देश मेरा मुल्क मेरा ये वतन’ सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों पर शानदार कवायदें प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. इस दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं श्रावणी सोनोने, जाणीव नंदेश्वर, अंतरा वाट और अनुष्का सूर्यवंशी का सम्मान किया गया. साथ ही पूर्व सैनिक गजानन पवार, सुदाम वानखडे, श्रीराम मकेश्वर तथा विद्यालय के पूर्व मुख्याध्यापक नारायणराव वानखडे का भी सत्कार किया गया. कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ.

Back to top button