कांडली में युवक की हत्या का प्रयास
पुरानी रंजिश में चाकू से किया हमला, हालत गंभीर

* आरोपी फरार, जख्मी युवक अमरावती जिला अस्पताल में भर्ती
परतवाडा/दि.15 – परतवाड़ा थाना क्षेत्र के कांडली के झोपड़पट्टी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. हमले में श्याम सुखचंद बेलकर गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोहेल फरार हो गया.
जानकारी के मुताबिक कांडली इलाके में श्याम बेलकर मौजूद था. इसी दौरान आरोपी सोहेल ने पुरानी रंजिश के चलते अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू के वार से श्याम गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया. घटना की सूचना मिलते ही परतवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी सोहेल फरार हो चुका था. गंभीर रूप से घायल श्याम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए अमरावती जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया है.
* वारदात के बाद इलाके में तनाव
चाकूबाजी की घटना के बाद कांडली इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस घटना के पीछे की पुरानी रंजिश और हमले के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है.





