शहर में गैस सिलेंडरों की जबरदस्त किल्लत
डिमांड से आधा हो रहा सप्लाय, बुकिंग पहले की तुलना में दोगुनी

* सभी गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारें, हर कोई सिलेंडर हेतु हैरान-परेशान
* प्रशासन कर रहा ‘ऑलवेल’ का दावा, जमीनी हकीकत ‘कुछ और’ ही दर्शा रही
* ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी सिलेंडर की डिलेवरी में लग रहा 15 दिनों का समय
* एक सिलेंडर की डिलेवरी के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग सीधे 25 दिन बाद
अमरावती/दि.26 – इस समय अमरावती शहर सहित जिले में पेट्रोल व डीजल के साथ-साथ रसोई गैस सिलेंडरों की भी जबरदस्त किल्लत बनी हुई है. और एक अदद सिलेंडर हासिल करने हेतु लोगों को गैस एजेंसियों के चक्कर काटने के साथ-साथ गैस एजेंसियों के सामने कतार लगाकर खडे रहने पर मजबूर होना पड रहा है. जिसके चलते खाना बनाने हेतु रसोई गैस का घरेलू सिलेंडर हासिल करने के चक्कर में हर कोई जबरदस्त ढंग से हैरान-परेशान है. यद्यपि प्रशासन द्वारा पेट्रोलियम उत्पादों की कोई किल्लत नहीं रहने के दावे करते हुए लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बार-बार अपील की जा रही है. लेकिन जमीनी हकीकत कुछ अलग ही स्थिति को बयान कर रही है. जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि, पेट्रोल व डीजल सहित एलपीजी को लेकर सबकुछ ‘ऑलवेल’ नहीं है और पेट्रोलियम उत्पादों की सच में किल्लत बनी हुई है.
इस संदर्भ में जब दैनिक ‘अमरावती मंडल’ ने शहर की कई गैस एजेंसियों का जायजा लिया, तो पता चला कि, अमरावती शहर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की दैनिक खपत लगभग 10 हजार सिलेंडर के आसपास है. परंतु इन दिनों एलपीजी डिपो से शहर की गैस एजेंसियों को केवल 5 से 6 हजार सिलेंडरों की ही आपूर्ति हो रही है. जबकि संभावित किल्लत को ध्यान में रखते हुए उपभोक्ताओं की ओर से की जानेवाली बुकिंग में दोगुना इजाफा हुआ है और जहां पहले रोजाना 10 हजार सिलेंडरों की बुकिंग व डिलेवरी हुआ करती थी, वहीं इस समय जहां रोजाना 15 से 18 हजार सिलेंडरों की उपभोक्ताओं की ओर से बुकिंग आ रही है, जिसकी ऐवज में रोजाना महज 5 से 6 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति हो पा रही है. डिमांड एवं सप्लाय में रहनेवाले इस फर्क के चलते गैस की किल्लत का आंकडा व स्थिति और भी बडे दिखाई दे रहे है.
बता दें कि, अमरावती में लगभग 27 से 28 गैस एजेंसी डिलर है. जिसमें से भारत पेट्रोलियम कंपनी के 12, हिंदुस्थान पेट्रोलियम कंपनी के 6 से 7 तथा इंडेन कंपनी के 5 एजेंसी धारकों का समावेश है. इसमें से भारत पेट्रोलियम कंपनी द्वारा जलगांव, हिंदुस्थान पेट्रोलियम कंपनी द्वारा नागपुर व छत्रपति संभाजी नगर तथा इंडेन कंपनी द्वारा धनज स्थित अपने बॉटलिंग प्लांट व डिपो से एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती है. जहां से अब तक रोजाना करीब 8 से 10 हजार सिलेंडरों औसत आपूर्ति हुआ करती थी. वहीं इन दिनों तीनों कंपनियों के सप्लाय डिपो से रोजाना औसतन 5 से 6 हजार सिलेंडर ही अमरावती शहर के लिए भेजे जा रहे है. जबकि इधर दूसरी ओर पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित किल्लत को देखते हुए उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडरों की जमकर बुकिंग करवाई जा रही है और पहले की तुलना में डेढ से दोगुना सिलेंडरों की बुकिंग हो रही है. जिसके चलते सिलेंडरों की आपूर्ति व डिलेवरी का काम बुरी तरह से गडबडाया हुआ है और पहले जहां सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग के बाद अगले दो दिन के भीतर सिलेंडर की होम डिलेवरी हो जाया करती थी. वहीं अब सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद सिलेंडर की डिलेवरी देने में कम से कम 15 दिनों का समय लग रहा है. साथ ही साथ पहला सिलेंडर बुक होने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग के लिए 30 से 35 दिनों का वेटिंग पीरेड भी रखा गया है. जिसके चलते जिन उपभोक्ताओं के घर पर इस दौरान दोनों सिलेंडर खाली हो गए है, उन्हें भोजन पकाने व खाने के लिए काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना न करना पड रहा है. यही वजह है कि लोगबाग अपने सारे कामधाम छोडकर एक अदद सिलेंडर हासिल करने हेतु इन दिनों गैस एजेंसियों के सामने कतारे लगाकर बैठे हुए है. जिसके चलते लगभग सभी गैस एजेंसियों में गैस उपभोक्ताओं की अच्छी-खासी भीडभाड दिखाई दे रही है.
* सबसे अधिक एजेंसी व उपभोक्ता भारत गैस के
उल्लेखनीय है कि, अमरावती शहर में स्थित 27 से 28 गैस एजेंसियों में से सर्वाधिक 12 एजेंसिया भारत गैस कंपनी की है और शहर में सबसे अधिक उपभोक्ता भी भारत गैस एजेंसी के ही है. जिसके चलते इस समय सबसे अधिक भीडभाड भी भारत गैस एजेंसी के कार्यालयों पर ही दिखाई दे रही है. खास बात यह है कि, भारत गैस एजेंसी का सप्लाय डिपो जलगांव में है. जहां से माल लोड होकर अमरावती आने में वैसे भी एक से डेढ दिन का समय लगता है. साथ ही इन दिनों डिपो से सप्लाय भी महज 60 से 70 फीसद हो रही है. जबकि सिलेंडरों की मांग में काफी जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है. जिसके चलते भारत गैस एजेंसी के कार्यालयों पर उपभोक्ताओं की सबसे अधिक व सबसे बडी कतारों वाला दृश्य दिखाई दे रहा है.
बॉक्स/फोटो-टीएच-27
* सप्लाय में कमी रहने के चलते हो रही दिक्कत
गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर जानकारी एवं प्रतिक्रिया हेतु संपर्क किए जाने पर देशमुख गैस एजेंसी के संचालक संजय देशमुख ने दैनिक ‘अमरावती मंडल’ को बताया कि, इस समय जहां एक ओर उपभोक्ताओं की ओर से सिलेंडरों की जबरदस्त बुकिंग की जा रही है. वहीं दूसरी ओर डिपो से माल की सप्लाय बेहद कम है. जिसके चलते उपभोक्ताओं को सिलेंडरों की डिलेवरी देने में काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना करना पड रहा है.





