अमरावती जिला सहकारी बैंक ने बढ़ाया जिले का मान, किसानों के भरोसे की बनी मिसाल
राजस्व मंत्री व पालकमंत्री बावनकुले ने की मुक्तकंठ से सराहना

* कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर मांगी माफी, सभी किसानों से साधा संवाद
अमरावती/दि.28 – राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अमरावती जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उसे किसानों के भरोसे की मिसाल बताया. कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर उन्होंने किसानों से माफी मांगते हुए कहा कि बड़ी संख्या में उनकी उपस्थिति ही इस आयोजन की सफलता है. मंत्री बावनकुले ने कहा कि जहां कई सहकारी बैंक भ्रष्टाचार के कारण बदनाम हुए और किसानों को नुकसान झेलना पड़ा, वहीं अमरावती बैंक ने पारदर्शिता बनाए रखते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्होंने नागपुर जिला बैंक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हुए घोटालों से किसानों को भारी आर्थिक झटका लगा था.
इस समय अपने संबोधन में बैंक के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने बैंक के अध्यक्ष बच्चू कडू और संचालक मंडल की प्रशंसा की. उन्होंने बताया कि बैंक पशुपालन, कुक्कुट पालन, सिंचाई सहित 31 योजनाओं के माध्यम से किसानों, मजदूरों और गरीबों को ऋण देकर उनके जीवन स्तर को सुधारने का काम कर रही है. साथ ही राजनीतिक संदर्भ में उन्होंने 80 प्रतिशत समाजकारण और 20 प्रतिशत राजनीति की भूमिका अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव के बाद समाजहित सर्वोपरि होना चाहिए. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारी बैंकों को हर संभव सहयोग देगी.
किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने खेतों तक जाने वाले रास्तों पर अतिक्रमण को गंभीर मुद्दा बताया और इस पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. अंत में उन्होंने कहा, किसान बचेगा तो हम बचेंगे, और सभी से जिले के विकास के लिए एकजुट होने की अपील की.





