‘कोणार्क’ के खिलाफ एमआईएम के पार्षद हुए लामबंद
मनपा मुख्यालय में शुरु किया ठिया आंदोलन, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

* मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में साफ-सफाई को लेकर अनदेखी का लगाया आरोप
* एकल सफाई ठेका रद्द करने और ठेकेदार पर कार्रवाई करने की उठाई मांग
अमरावती /दि.1- शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सफाई ठेकेदार द्वारा बिल्कुल भी साफ-सफाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए आज एमआईएम के पार्षदों द्वारा मनपा मुख्यालय का घेराव करते हुए मनपा के मुख्य प्रवेशद्वार के समक्ष ठिया आंदोलन करना शुरु किया गया. साथ ही साथ कोणार्क कंपनी के साथ किए गए सफाई ठेका करार को तुरंत रद्द करते हुए कोणार्क कंपनी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई. इसके अलावा एमआईएम पार्षदों ने मुस्लिम बहुल प्रभागों में साफ-सफाई की व्यवस्था के चुस्त-दुरुस्त होने तक अपने आंदोलन को जारी रखने का ऐलान भी किया.
आज एमआईएम पार्षदों सहित ठिया आंदोलन करने हेतु मनपा मुख्यालय पहुंचे एमआईएम के गुट नेता अब्दुल हमीद ने बताया कि, इससे पहले भी एमआईएम पार्षदों द्वारा शहर के मुस्लिम बहुल प्रभागों में साफ-सफाई की व्यवस्था का नितांत अभाव रहने की ओर अब तक तीन से चार बार मनपा प्रशासन का ध्यान दिलाया जा चुका है. परंतु इसके बावजूद मनपा प्रशासन द्वारा इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. जिसके चलते एमआईएम के पार्षदों ने विगत दिनों ईद के पर्व पर ही आंदोलन करने की घोषणा की थी. उस समय मनपा के सत्ता पक्ष एवं प्रशासन द्वारा एमआईएम के पार्षदों को 31 मार्च तक मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हो जाने का आश्वासन दिया गया था. परंतु इस आश्वासन की बिल्कुल भी पूर्ति नहीं हुई. जिसके चलते एमआईएम पार्षदों ने आज पहली अप्रैल को ही मनपा मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के लिए ठिया आंदोलन करना शुरु किया.
एमआईएम पार्षदों द्वारा मनपा मुख्यालय की इमारत के प्रवेशद्वार पर ठिया आंदोलन शुरु किए जाते ही महापौर श्रीचंद तेजवानी, मनपा के सभागृह नेता चेतन गावंडे, स्वीकृत पार्षद प्रशांत देशपांडे व पार्षद प्रदीप हिवसे सहित कुभ भाजपा पार्षदों ने प्रवेशद्वार पर पहुंचकर एमआईएम पार्षदों से भेंट की. पश्चात इस मुद्दे को लेकर मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक के कक्ष में बैठक शुरु हुई. जिसमें एमआईएम के गटनेता अब्दुल हमीद ने स्पष्ट तौर पर कहा कि, शहर के मुस्लिम बहुल प्रभागों में करीब ढाई से तीन लाख लोगों की आबादी रहती है और इतनी बडी आबादी के रिहायशी इलाकों की साफ-सफाई की ओर सफाई ठेकेदार व मनपा प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. जिसके चलते संबंधित क्षेत्रों के लोग अपने-अपने प्रभागों के पार्षदों के घर पर कचरा लाकर फेंकने की धमकी दे रहे है. जबकि इसके लिए पूरी तरह से मनपा प्रशासन व सफाई ठेकेदार ही जिम्मेदार है. ऐसे में जब तक मनपा द्वारा सफाई ठेकेदार के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जाती और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर चुस्त-दुरुस्त इंतजाम नहीं किए जाते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा.
इस ठिया आंदोलन में एमआईएम के गुटनेता अब्दुल हमीद सहित पार्षद अंजूम वहीद खान, सैयद राशीदअली, इकबाल साहिल, अहमद शाह अवैर शाह, शाकीर हुसैन पाशाभाई, मीर अहदअली, सैयद मुनज्जर अली व इस्माईल राराणी आदि ने हिस्सा लिया.