गैस एजेंसी के सामने नागरिकों की लग रही लंबी कतारें
गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही बढने लगती है भीड

चांदुर बाजार/ दि.4– एचपी की कल्पना गैस एजेंसी के सामने रोजाना सुबह से ही ग्राहकों की लंबी- लंबी कतारे लग जाती है. गैस सिलेंडर के लिए नागरिकों को घंटों चिलचिलाती धूप में कतार में खडे रहना पड रहा है. इस गैस एजेंसी की ओर से फिलहाल गांव- गांव में होनेवाली गैस आपूर्ति बंद किए जाने से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को भारी अडचनों का सामना करना पड रहा है. सिलेंडर प्राप्त करने के लिए गांव -देहातों के ग्राहकों को एजेंसी के सामने आकर प्रतीक्षा करनी पडती है. इसके कारण यहां भारी भीड नजर आ रही है.
तहसील के शिरजगांव कसबा, ब्राह्मणवाडा थडी, चिंचोली, घाटलाडकी, माधान, देउरवाडा, काजली, सोनोरी, बनी, जसापुर, कोदरी, फूगांव इन गांवों से गैस धारकों की संख्या काफी है. इन गांवों के ग्राहक एजेंसी के सामने जमा हो जाने से परिस्थिति और अधिक गंभीर हो गई है. पहले की तरह गांव- गांव में गैस सिलेंडर की आपूर्ति शुरू करने पर एजेंसी के सामने की भीड बडे प्रमाण में कम हो सकती है, ऐसा ग्राहकों का कहना है. 12-15 दिनों से गैस एजेंसी की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में गैस की गाडी भेजना बंद होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को शहर आकर गैस एजेंसी के सामने कतार में खडा रहना पड रहा है. जिसके कारण नागरिकों में भारी नाराजगी दिखाई दे रही है. इस परिस्थिति को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर गांव-गांव में गैस आपूर्ति करवाएं. ऐसी मांग ग्राहकों द्बारा की जा रही है.
गैस सिलेंडर की आपूर्ति कम
कंपनी की ओर से नियम व शर्ते अधिक तथा गैस सिलेंडर की आपूर्ति कम होने के कारण हम फिलहाल ग्राहकों का संतोष करने में असमर्थ साबित हो रहे हैं.
कल्पना विलास तायडे,
संचालक , कल्पना गैस एजेंसी
नियमानुसार ग्राहकों को सुविधा उपलब्ध कराए
शिरजगांव कस्बा बडा गांव है तथा हमारे गांव में इंडियन गैस धारकों को गांव तक सेवा मिलती है. किंतु एचपी गैस धारकों को चांदुर बाजार जाना पडता है. जिसके कारण नागरिकों को परेशानी हो रही है. इस पर गैस एजेंसी धारकों ने कुछ न कुछ उपाय कर गैस की गाडी गांव में भेजने की व्यवस्था कर नियमानुसार ग्राहकों को सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए.
प्रवीण खेरडे, प्रशासक, शिरजगांव कस्बा
* गांवों में सिलेंडर की आपूर्ति की जाए
ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को गांव में सिलेंडर नहीं मिलने के कारण उन्हें तहसील मुख्यालय पर गैस सिलेंडर लेने के लिए आना पड रहा है और घंटों तक चिलचिलाती धूप में खडे रहना पड रहा है. ऐसे में उनकी तकलीफ को दूर करने के लिए गांवों में सिलेंडर की आपूर्ति की जाए. ऐसी मांग तहसीलदार से की गई है.
किशोर देशमुख,
तहसील अध्यक्ष कांग्रेस





