तपोवन में 600 लोगों के भोजन पर संकट
सांसद बलवंत वानखड़े के हस्तक्षेप से समस्या दूर

अमरावती/दि.6 – शहर के तपोवन क्षेत्र स्थित विदर्भ महारोगी सेवा मंडल में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के चलते करीब 600 से अधिक रहवासियों के भोजन की व्यवस्था पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था. मामले की जानकारी मिलते ही अमरावती के सांसद बळवंत वानखड़े ने स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल जिला प्रशासन के संज्ञान में लाकर समस्या का समाधान करवाया.
बताया गया कि पिछले लगभग एक महीने से गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण संस्था में चाय और भोजन बनाना मुश्किल हो गया था. ऐसी स्थिति में रहवासियों और कार्यकर्ताओं को मजबूरन लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ा. आसपास से सूखी लकड़ियां इकट्ठा कर किसी तरह भोजन की व्यवस्था की जा रही थी. संस्था में करीब 650 लोग निवासरत हैं, जिनमें बड़ी संख्या में वृद्ध महिलाएं शामिल हैं. उनकी परेशानियों को देखते हुए अन्य महिलाओं को रोजगार देकर भोजन व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन हालात बेहद चिंताजनक बने हुए थे. इस समस्या को लेकर संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुभाष गवई के नेतृत्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई.
सांसद वानखड़े ने इस दौरान जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए प्रशासन को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए. हस्तक्षेप के बाद अब गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिससे राहत मिली है. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं संस्था के कार्यकर्ता और महिलाएं अब भी एकजुट होकर भोजन व्यवस्था सुचारू रखने में जुटी हुई हैं.





