दीवार से ईंट गिरने पर विवाद, चाचा और दादा पर चाकू से हमला
मसानगंज में पारिवारिक झगड़ा, पिता-पुत्र घायल, भतीजों के खिलाफ शिकायत

अमरावती/दि. 10 – शहर के सिटी कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के मसानगंज में घर की दीवार से ईंट गिरने को लेकर हुए विवाद में चाचा और दादा पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में दोनों घायल हो गए. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायतकर्ता पवन राजेश कुशवाह (30) ऑटो चालक हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार, 8 अक्तूबर को सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर की दूसरी मंजिल पर सफाई कर रहे थे. इसी दौरान घर की एक ईंट पीछे स्थित उनके बड़े चाचा मनोज कुशवाह के घर पर गिर गई. इस बात को लेकर पवन और उनके भतीजों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. पवन का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके भतीजे केतन मनोज कुशवाह (18) ने उनके और उनके पिता राजेश बदली कुशवाह (62) के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद केतन घर से चाकू लेकर आया और पवन के बाएं हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए.
शिकायत के अनुसार, पवन के पिता राजेश बदली कुशवाह झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके बाएं हाथ की उंगली पर भी चाकू से वार किया गया. इस तरह घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए. पवन ने अपने बड़े भतीजे समर मनोज कुशवाह (20) पर भी उनके और उनके पिता के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है. साथ ही केतन पर दोबारा बाहर मिलने पर देख लेने की धमकी देने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.





