अज्ञात आयशर ट्रक की टक्कर से महिला-पुरुष की मौके पर मौत
मोर्शी के मायवाड़ी फाटे के पास भीषण हादसा

मोटरसाइकिल सवारों की पहचान नहीं, पुलिस जांच में जुटी
मोर्शी/दि. 10 – मोर्शी शहर के नजदीक मायवाड़ी फाटे के पास शुक्रवार, 9 अक्तूबर की रात भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी मोटरसाइकिल को एक अज्ञात आयशर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे महिला और पुरुष स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-48/एन-1571 से अपने गांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान मायवाड़ी फाटे के पास एक अज्ञात आयशर ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही मोर्शी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. थाना प्रभारी राहुल आठवले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की. इसके बाद दोनों शव मोर्शी के उपजिला अस्पताल पहुंचाए गए.
पुलिस ने मृतकों की पहचान के लिए उपलब्ध मोबाइल नंबरों की जांच की, लेकिन संबंधित नंबर दूसरे राज्य के होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी. दोनों के नाम, उम्र और पते की जानकारी भी सामने नहीं आई थी. मोर्शी पुलिस अज्ञात वाहन और मृतकों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.





