पत्नी ने कर दी पति की हत्या
प्रेमी सहित गिरफ्तार, दोनों बच्चे भी डिटेन

सांगली /दि.10- महाराष्ट्र में इन दिनों पारिवारिक अपराधों की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इसी बीच अब प्रेम में अंधी हुई एक पत्नी ने अपने ही दो बच्चों की मदद से पति की हत्या कर दी, ऐसी चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यह सनसनीखेज मामला सांगली जिले के कवठेमहांकाल तालुका में हुआ है. सांगली के करौली टी इलाके के भारत करपे की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी, दो बच्चों और पत्नी के प्रेमी-इन चारों को गिरफ्तार कर लिया है. अवैध संबंधों में बाधा बनने वाले पति की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने वाली इस साजिश का पुलिस ने 12 दिन बाद पर्दाफाश किया.
आखिर क्या हुआ था?
मृतक भारत करपे और उनकी पत्नी निलाबाई करपे के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था. निलाबाई के गांव के ही बाबाजी करपे नामक व्यक्ति से अवैध संबंध थे, जिसका भारत करपे विरोध कर रहे थे. इसी बाधा को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए निलाबाई ने अपने प्रेमी बाबाजी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. 28 मार्च की रात को निलाबाई और बाबाजी ने भारत को पकड़ा. पहले उनकी जमकर पिटाई की गई और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई. इस अपराध को छुपाने के लिए उन्होंने भारत के शव को छत से लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे. इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अपने पिता की हत्या की जानकारी होने के बावजूद निलाबाई के दोनों बच्चों ने अपनी मां का साथ दिया. पति की मौत अत्यधिक शराब पीने से हुई ऐसा बताकर रिश्तेदारों को गुमराह किया गया. साथ ही पुलिस को इस मामले की कोई जानकारी नहीं दी गई. इतना ही नहीं, इस मामले में किसी भी तरह की कानूनी प्रक्रिया अपनाए बिना प्रेमी बाबाजी की मदद से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर सबूत मिटा दिए गए.
घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद गांव में इस संदिग्ध मौत को लेकर धीरे-धीरे चर्चा शुरू हुई. यह गुप्त जानकारी कवठेमहांकाल पुलिस तक पहुंची. पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीणकुमार कांबले और उनकी टीम ने इस मामले की तकनीकी जांच शुरू की. जब पुलिस ने निलाबाई, उसके बच्चों और संदिग्ध बाबाजी से कड़ी पूछताछ की, तो उनके बयान में कई विरोधाभास पाए गए. पुलिस की सख्ती के बाद आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली.





