14 अप्रैल को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव

इर्विन चौक की ओर जानेवाले सभी रास्ते रहेंगे बंद

* यातायात शाखा के एसीपी ने जारी किया आदेश
* डॉ. आंबेडकर जयंती की पूर्व तैयारियों का लिया जायजा
अमरावती/दि.13– कल 14 अप्रैल को भारतरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की जयंती निमित्त अमरावती शहर में बडे पैमाने पर शोभायात्राओं व रैलियों का आयोजन किया जाएगा. साथ ही इर्विन चौराहे पर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के आदमकद पुतले पर माल्यार्पण करते हुए मानवंदना करने हेतु हजारों-लाखों अनुयायियों की भीड उमडेगी. इस बात को ध्यान में रखे हुए शहर में कानून व व्यवस्था की स्थिति को अबाधित रखने एवं ट्रैफिक जाम की स्थिति को टालने हेतु शहर यातायात पुलिस विभाग द्वारा इर्विन चौक परिसर से होकर गुजरनेवाली यातायात व्यवस्था में काफी बडा बदलाव किया गया है. साथ ही इर्विन चौक की ओर जानेवाले सभी रास्तों को अस्थाई तौर पर बंद करने के संदर्भ में आदेश जारी किए है.
यातायात विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले द्वारा जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक 14 अप्रैल को तडके 5 बजे से रात 12 बजे तक यातायात संबंधी प्रतिबंध जारी रहेंगे. जिनका उल्लंघन करनेवाले वाहन चालकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस आदेश में बताया गया है कि, इर्विन चौक से खापर्डे बगीचा मार्ग, गर्ल्स हाईस्कूल चौक से इर्विन चौक मार्ग, बाबा कॉर्नर से इर्विन चौक मार्ग, मच्युरी टी पॉइंट से इर्विन चौक मार्ग व मालवीय चौक मार्ग को हर तरह के वाहनों की आवाजाही के लिहाज से बंद रखा जाएगा. इसके साथ ही मर्च्युरी टी पॉइंट से इर्विन चौक होते हुए ट्रैफिक पुलिस ऑफीस तथा इर्विन चौक से होलीक्रॉस स्कूल तक किसी भी तरह के वाहनों को पार करने की अनुमति नहीं रहेगी.

* ऐसे रहेंगे पर्यायी मार्ग
– खापर्डे बगीचा से इर्विन चौक की ओर जानेवाले वाहनों को एसटी स्टैंड मार्ग का प्रयोग करते हुए रेलवे स्टेशन की ओर जाना होगा.
– गर्ल्स हाईस्कूल चौक की ओर से आनेवाले वाहनों को पुलिस पेट्रोल पंप चौक अथवा बाबा कॉर्नर से विलास नगर रोड की ओर जाना होगा.
– बाबा कॉर्नर की ओर से आनेवाले वाहनों को लेखुमल चौक या पुलिस पेट्रोल पंप मार्ग का प्रयोग करना होगा.
– रेलवे स्टेशन से मच्युरी की ओर जानेवाले वाहनों को रेलवे स्टेशन से एसटी स्टैंड रोड, जयस्तंभ, दीपक चौक व चौधरी चौक मार्ग का प्रयोग करना होगा.
– मालवीय चौक से आनेवाले वाहनों को जयस्तंभ चौक व रेलवे स्टेशन चौक का प्रयोग करना होगा.

Back to top button