मैरेज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने वृद्ध समेत दो लोगों को 27.56 लाख रुपए से ठगा

79 वर्ष की आयु में दिखाया शादी का सपना

अमरावती/दि.13- वृद्धावस्था में अकेले रहकर जीवन बिताने वाले 79 वर्षीय वरिष्ठ समेत दो लोगों को जाल में फंसाकर उनसे 27 लाख 56 हजार 500 रुपए से ठगा रहने का मामला प्रकाश में आया है. फ्रेजरपुरा पुलिस ने मैरेज ब्यूरो चलाने वाली एक महिला समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक अमरावती शहर के मुदलियाद नगर निवासी हरिभाउ (79) की शिकायत पर ज्योति अर्डक उर्फ कनसधारा राजस, सुनीता और एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. 79 वर्षीय व्यक्ति के बेटे का 2023 में निधन हो गया. पश्चात 2024 में उसकी पत्नी का भी निधन हो गया. तब से बेटे की पत्नी और दो संतान घर की उपरी मंजिल पर और वृद्ध नागरिक नीचे के कमरे में अकेले रहते थे. अकेलापन महसूस होने से अपने भविष्य की चिंता उन्हें थी. अप्रैल 2025 में वे किसी काम से जा रहे थे, तब चैतन्य कालोनी के सखा मंगल के सामने उन्हें स्वप्नपूर्ति मैरेज ब्यूरो दिखाई दिया. उन्होंने मैरेज ब्यूरो में जांच की. मैरेज ब्यूरो के संचालक अशोक मेश्राम ने उन्हें पूरी जानकारी दी और 4-5 दिन बाद बुलाया. इसके मुताबिक वे मैरेज ब्यूरो गये, तब अशोक मेश्राम ने उन्हें 60 वर्षीय महिला का स्थल दिखाया. उस महिला को एक विवाहित बेटा है और उसके पति का भी निधन हो गया है. दोनों को आवश्यकता रहने से उन्होंने एक-दूसरे के साथ बातचीत की. महिला के मामा और बहू की सहमति से एक-दूसरे के गले में हार डालकर सगाई की रस्म पूरी की गई. दोनों फोन पर एक-दूसरे से बातचीत करने लगे थे और दोनों का एक-दूसरे के यहां आना-जाना शुरु हो गया. लेकिन कुछ दिनों बाद संबंधित महिला का स्वभाव अच्छा न लगने से उनमें विवाद होने लगा और दोनों ने संबंध समाप्त होने की बात लिखित स्वरुप पूर्ण की. महिला को भरपाई के रुप में 50 हजार रुपए दिये. पश्चात दोबारा ऐसे विवाद में न पडने का निर्णय इस वृद्ध नागरिक ने लिया. लेकिन इस मैरेज ब्यूरो के व्यक्ति का वृद्ध को फोन आया. उसने मैरेज ब्यूरो में बुलाया. उन्होंने कहा कि, वह अब यह मैरेज ब्यूरो छोड रहा है. इसे अब वह एक महिला को चलाने दे रहा है. उस महिला के साथ वृद्ध की पहचान करवा दी. इस महिला ने कुछ दिनों बाद 79 वर्षीय वृद्ध को फोन कर बताया कि, तुम्हारे साथ शादी करने के लिए बडनेरा में रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला है. उसके पास खुद का घर है. साथ ही सोना और खेती भी है. उसका नाम सुनीता है. पश्चात इस वृद्ध व्यक्ति को सुनीता के साथ शादी करने के लिए मैरेज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने राजी कर लिया. पश्चात एक महिला का इस वृद्ध व्यक्ति को फोन आया. उसने अपना नाम सुनीता बताया. मैरेज ब्यूरो की महिला ने बताया कि, उसने सुनीता को नंबर दिया है. कुछ दिनों तक उनकी बातचीत चलती रही. कुछ दिनों बाद ज्योति अर्डक ने वृद्ध व्यक्ति को कहा कि, सुनीता के भाई ने उसके सभी आभूषण बैंक में गिरवी रखे है और वह काफी शराबी है. इन आभूषणों को छूडाया नहीं गया तो उसकी निलामी होगी. इस कारण वृद्ध व्यक्ति ने आभूषण छूडाने के लिए ज्योति को 25 हजार रुपए दिये. कुछ समय बाद ज्योति ने फोन कर बताया कि, ब्याज ज्यादा और पैसे लगेंगे, तब इस वृद्ध व्यक्ति ने उसे और पैसे भेज दिये. इस तरह समय-समय पर पैसे वह भेजता रहा और कुल 5 लाख 90 हजार रुपए उससे ऐंठ लिये गये, लेकिन सुनीता के साथ उसकी कभी मुलाकात नहीं करवाई. जब भी वह सुनीता से मिलने की बात करता था, तब ज्योति अर्डक टालमटोल जवाब देती थी.

* पुलिस के नाम पर लगाया चुना
28 मई 2025 को शिकायतकर्ता 79 वर्षीय वृद्ध को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया. सामने के व्यक्ति ने खुद को पुलिस बताया और कहा कि, उनके खिलाफ शिकायत आयी है. इस कारण उन्हें जेल जाने की धमकी दी. पश्चात उसने सहायता करने का नाटक किया. समझौता करने के लिए साहब को 5 लाख रुपए देने पडेंगे. ऐसा कहा. पैसों की व्यवस्था होने तक फरार रहने के लिए उसे कहा गया. किसी तरह इस वृद्ध व्यक्ति ने पैसों की व्यवस्था की और उसे 5 लाख 90 हजार रुपए से ठग लिया गया.

* ब्यूरो चलाने वाले व्यक्ति को भी ठगा
79 वर्षीय वृद्ध को अपने साथ जालसाजी होने का संदेह हुआ. इस कारण वे इस मैरेज ब्यूरो में शुरुआत में मिलने वाले अशोक मेश्राम से मिले और आपबीती सुनाई. तब उस अशोक मेश्राम ने उन्हें बताया कि, मैरेज ब्यूरो चलाने वाली उसी महिला ने उससे 21 लाख 66 हजार रुपए ऐंठ लिये हैं. यह पैसे उसने 6 जुलाई से 16 जुलाई के दौरान ऐंठे है. लेकिन इस व्यवहार का उनके पास कोई सबूत न रहने के कारण उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं की.

* वृद्ध को दी गई धमकी
वृद्ध नागरिक ने दर्यापुर और परतवाडा रिश्तेदार के यहां रहते हुए पैसों की व्यवस्था की थी. वह पैसे उसने ज्योति अर्डक को दिये थे. कुछ दिनों बाद उसने ज्योति और सुनीता को फोन लगाकर पूछताछ की, तब दोनों ने उसे आगे से फोन न लगाने की धमकी दी. दूसरी तरफ मैरेज ब्यूरो संचालक मेश्राम से मिली जानकारी के बाद उन्होंने साहस कर फ्रेजरपुरा थाने में शिकायत दर्ज की. पुलिस ने ज्योति अर्डक, सुनीता और एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button