किरीट सोमैया और मनपा प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सिटी कोतवाली थाने में एमआईएम के पार्षदों ने की शिकायत

अमरावती /दि.13- अमरावती मनपा में कथित रुप से आचार संहिता का उल्लंघन, राजनीतिक दबाव बनाने तथा नगरसेवकों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर मनपा के एमआईएम के गुट नेता शेख हमीद शेख वाहेद ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. एमआईएम पार्षदों के साथ कोतवाली थाना पहुंचे शेख हमीद ने थानेदार रोशन सिरसाट को शिकायत सौंपकर मनपा प्रशासन भाजपा नेता किरीट सोमैया और कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच व कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
शेख हमीद द्वारा की गई शिकायत के मुताबिक 11 जून को दोपहर के समय अमरावती मनपा में एक बैठक आयोजित की गई थी. शेख हमीद का आरोप है कि, इस दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के मुद्दे पर अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बनाया गया तथा शहर में सांप्रदायिक तनाव का माहौल निर्माण करने का प्रयास किया गया. शेख हमीद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि, मनपा के कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी इस बैठक में शामिल थे. उन्होंने यह भी दावा किया कि, बैठक और उसके बाद हुई घटना के दौरान एमआईएम नगरसेवकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा विरोध करने वालों को निशाना बनाया गया. शिकायत में राजापेठ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी तथा कुछ पुलिस जवानों के नाम का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि, उन्होंने कथित तौर पर प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई की. साथ ही पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फूटेज की जांच कराने की मांग की गई है. शेख हमीद ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की गई है. मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्याई और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी. कोतवाली के थानेदार को शिकायत देने पहुंचे एमआईएम पार्षदों में गटनेता शेख हमीद के अलावा पार्षद सलाउद्दीन खान, राशीद अली, अहमद शहा, सैयद मुनज्जर अली, वाहीद खान, गफ्फार रारानी, अहमद अली, हाफिज ताहीर समेत अन्यों का समावेश था.





