अमरावती में इस्लाम पार्टी का शुरू हुआ सफर

शेख फारूक अहमद बने जिलाध्यक्ष

* संगठन विस्तार का लिया संकल्प
अमरावती/दि.13 – इंडियन सेक्युलर लार्जेस्ट असेम्बली ऑफ महाराष्ट्र (इस्लाम पार्टी) की आयोजित भव्य कांफ्रेंस में अमरावती जिले के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व विधायक शेख आसिफ रशीद के करकमलों से शेख फारूक अहमद को अमरावती जिला अध्यक्ष पद की औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई. समारोह के दौरान शेख फारूक अहमद का पुष्पगुच्छ एवं सम्मानपत्र देकर स्वागत किया गया तथा उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं. कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार तालियों के साथ नए जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया.
इस अवसर पर संबोधित करते हुए पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व विधायक शेख आसिफ रशीद ने कहा कि अमरावती जिले में पार्टी को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी अब शेख फारूक अहमद के कंधों पर है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा, नई सोच और मजबूत जनाधार मिलेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए अमरावती इकाई महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
* सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों पर रहेगा जोर
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शेख फारूक अहमद ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा. पार्टी की ओर से बताया गया कि आगामी दिनों में स्वास्थ्य, शिक्षा, युवाओं के रोजगार, फिटनेस जागरूकता तथा सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान हेतु विशेष अभियान भी शुरू किए जाएंगे.
कार्यक्रम में पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. प्रमुख रूप से नासिर बिल्डर, सैयद रिजवान, इरशाद खान, मोहम्मद मोहसिन, अब्दुल इमरान, शेख शाहरुख तथा रफीक पहलवान सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने सहभागिता की0.

Back to top button