परतवाडा प्रकरण में विशेष जांच दल गठित करें

सांसद अनिल बोंडे के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने आईजी व सीपी को सौंपा ज्ञापन

* दोषियों पर कडी कार्रवाई करने की मांग
अमरावती/ दि. 15- अमरावती में परतवाडा वीडियो मामले को लेकर जांच तेज करने की मांग उठने लगी है. इस संबंध में सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने विशेष पुलिस महानिरीक्षक, अमरावती को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित करने की मांग की है.
उन्होंने अपने ज्ञापन में बताया कि 13 मई को अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि मामला केवल परतवाडा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका दायरा पूरे महाराष्ट्र और संभवतः देश-विदेश तक फैला हो सकता है. डॉ. बोंडे के अनुसार, इस केस में लव जिहाद, धर्मांतरण, जान से मारने की धमकी, ड्रग्स, यौन उत्तेजक दवाओं और अंतरराष्ट्रीय पोर्न साइट्स से जुड़े होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि आरोपियों द्वारा खर्च की गई बड़ी रकम को देखते हुए उनके और उनके परिजनों के बैंक खातों की जांच आवश्यक है, ताकि पैसों के स्रोत का पता लगाया जा सके. उन्होंने यह भी मांग की कि अमरावती और नागपुर के कोचिंग क्लासेस में संदिग्ध एडमिशन की जांच हो, साथ ही संबंधित स्थानों-जैसे होटल और कोचिंग संस्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाए. इससे पूरे नेटवर्क और फाइनेंशियल कनेक्शन उजागर हो सकते हैं.
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ लड़कियां इस नेटवर्क में सहयोगी के रूप में काम कर रही हो सकती हैं और उन्हें आर्थिक लाभ मिल रहा है. इसके अलावा ड्रग्स के जरिए फाइनेंशियल नेटवर्क चलाने और फार्मेसी से मिलने वाली दवाओं के दुरुपयोग की भी जांच की मांग की गई है. डॉ. बोंडे ने सुझाव दिया कि इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए एक वरिष्ठ महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी दल गठित किया जाए, जिसमें साइबर एक्सपर्ट और मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ भी शामिल हों, ताकि पीड़ितों से संवेदनशील तरीके से संपर्क कर सच्चाई सामने लाई जा सके. उन्होंने इंटेलिजेंस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वीडियो लंबे समय से वायरल होने के बावजूद स्थानीय खुफिया तंत्र को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली. ऐसे में संबंधित अधिकारियों की भी जांच की जानी चाहिए. उन्होंने अंत में कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है, जिसमें यौन शोषण, ड्रग्स, पोर्नोग्राफी और बड़े पैमाने पर आर्थिक लेन-देन शामिल हो सकता है, इसलिए तत्काल एसआईटी बनाकर निष्पक्ष और व्यापक जांच जरूरी है. ज्ञापन सौंपनेवालों में सांसद अनिल बोंडे के अलावा मनपा महापौर श्रीचंद तेजवानी, भाजपा शहराध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे, पूर्व पार्षद चेतन पवार, सुनील काले, मिलींद बांबल, एड. प्रशांत देशपांडे समेत अनेक लोग उपस्थित थे.

Back to top button