विविध मांगों को लेकर उर्दू शिक्षक संगठन का प्रतिनिधि मंडल सांसद से मिला

शिक्षकों के लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा

अमरावती/दि.16 – भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र राज्य उर्दू शिक्षक संगठन तथा अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अमरावती जिले के सांसद बलवंत वानखड़े से मुलाकात कर शिक्षकों के विभिन्न लंबित, ज्वलंत एवं लंबे समय से अटके हुए मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान शिक्षा क्षेत्र में आ रही बाधाओं तथा प्रशासनिक विलंब के कारण शिक्षकों को हो रही परेशानियों की ओर सांसद का ध्यान आकर्षित किया गया.
प्रतिनिधिमंडल में महाराष्ट्र राज्य उर्दू शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष जावेद इकबाल जोहर तथा अखिल भारतीय उर्दू शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष वसीम फरहत प्रमुख रूप से शामिल थे. इस अवसर पर प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के शिक्षकों की सेवा शर्तें,पदोन्नति प्रक्रिया, वेतन में अनियमितता तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई. प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि ये समस्याएं केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे शैक्षणिक तंत्र को प्रभावित करने वाली हैं.
प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में विषय शिक्षक, मुख्याध्यापक, केंद्र प्रमुख एवं विस्तार अधिकारी के पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र लागू करना, वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रस्तावों को गति देना तथा पात्र शिक्षकों को न्याय दिलाना शामिल था. इसके साथ ही शिक्षकों का वेतन प्रत्येक माह की पहली तारीख को नियमित रूप से भुगतान करने तथा वेतन में हो रही देरी से उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों को दूर करने की मांग भी रखी गई. इसके अतिरिक्त वरिष्ठ वेतन श्रेणी एवं चयन श्रेणी से संबंधित प्रकरण लंबे समय से लंबित होने के कारण शिक्षकों की आर्थिक एवं सेवा संबंधी प्रगति प्रभावित हो रही है, इस ओर भी ध्यान दिलाया गया तथा इन मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग की गई. इसके अलावा स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता, सेवा पुस्तिकाओं में त्रुटियां, विद्यालयों में स्टाफ की कमी तथा उर्दू माध्यम स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार जैसे विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. उर्दू माध्यम के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उन्नति के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया.
* सकारात्मक प्रयास का आश्वासन
सांसद बलवंत वानखड़े ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे और शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे. इस दौरान महाराष्ट्र राज्य उर्दू शिक्षक संगठन की दर्यापुर तहसील इकाई के अध्यक्ष इरशाद अहमद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे. प्रतिनिधिमंडल की इस मुलाकात से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होने की उम्मीद जताई जा रही है.

 

 

Back to top button